इस्राइल-हमास के बीच जारी युद्ध विराम समझौते के बीच हमास द्वारा चार बंधको की रिहाई के बाद अब इस्राइल ने भी 200 फलस्तीनी नागरिकों की छोड़ दिया है। जहां हमास ने चार महिला इस्राइली सैनिकों को रेड क्रॉस को सौंप दिया है। इससे पहले हमास के आतंकवादियों ने गाजा शहर में भीड़ के सामने परेड की। जिन सैनिकों को रिहा किया गया है उनके नाम करीना एरीव (20), डेनिएला गिल्बोआ (20), नामा लेवी (20) और लिरी अलबाग (19) हैं।
पिछले सप्ताह गाजा पट्टी में संघर्ष विराम शुरू होने के बाद से यह दूसरा ऐसा आदान-प्रदान है, जिसमें हमास द्वारा बंधकों को छोड़ा जाएगा और इनके बदले में इस्राइल द्वारा फलस्तीनी कैदियों को रिहा किया जाएगा। पहले चरण में तीन इस्राइली बंधकों को छोड़ा गया था, जिनके बदले में 90 फलस्तीनी कैदियों को रिहा किया गया था। अब चार बंधकों के बदले में इस्राइल 200 फलस्तीनी कैदियों को रिहा करेगा। इनमें से 120 कैदी ऐसे हैं, जो इस्राइली नागरिकों पर घातक हमले के लिए उम्रकैद की सजा काट रहे हैं।
इस्राइल ने अन्य बंधकों की रिहाई पर जारी किया बयान
साथ ही मामले में इस्राइल ने बयान जारी कर बताया कि वह तब तक फलस्तीनियों को उत्तरी गाजा में वापस नहीं जाने देगा, जब तक हमास द्वारा बंधक बनाए गए दर्जनों लोगों में से एक अर्बेल येहूद को रिहा नहीं कर दिया जाता। मामले में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने कहा कि गाजा युद्धविराम समझौते के तहत येहूद को शनिवार को रिहा किया जाना था।
इस्राइल ने किया 200 बंधकों को रिहा
इसके साथ ही इस्राइल ने दावा किया कि उसने गाजा युद्ध विराम समझौते के तहत 200 फलस्तीनी कैदियों को रिहा कर दिया है, जबकि हमास ने 4 सैनिकों को रिहा किया है।
7 अक्तूबर 2023 को नाहल ओज बेस से हमास ने इन महिला सैनिकों का किया था अपहरण
रिहा की गईं चारों इस्राइली महिला सैनिकों का हमास ने 7 अक्टूबर, 2023 के हमले के दौरान अपहरण कर लिया गया था। इन चारों को गाजा की सीमा के पास नाहल ओज बेस से पकड़ा गया था। अपहरण की गई सभी महिला सैनिक सीमा पर खतरों की निगरानी करने वाली लुकआउट इकाई में काम करती थीं। इस इकाई की पांचवीं महिला सैनिक, अगम बर्जर (20 वर्षीय) का भी अपहरण किया गया था, लेकिन अभी रिहा किए गए लोगों में उसका नाम शामिल नहीं है। समझौते के तहत इस अदला-बदली के बाद इस्राइल नेत्ज़ारिम गलियारे से पीछे हटना शुरू कर देगा।
19 जनवरी को संघर्ष विराम; 471 दिनों के बाद मिली रिहाई
इससे पहले इस्राइल के साथ युद्धविराम समझौता बीते 19 जनवरी को तीन घंटे की देरी से लागू हुआ था। हमास ने 471 दिनों के बाद अपने कब्जे से कई बंधकों को रिहा किया था, जिसके बाद बंधकों के परिजनों ने राहत की सांस ली थी। इस्राइल और हमास के बीच हुए युद्धविराम समझौते के शुरुआती छह सप्ताह के चरण के बाद क्या होगा, यह अभी अनिश्चित है, लेकिन कई लोग इसे लेकर आशावान हैं कि इससे युद्ध का अंत हो जाएगा।