आज की युवा पीढ़ी के लिए सफलता का मतलब अक्सर टेक स्टार्टअप, एआई प्लेटफॉर्म या पैतृक संपत्ति से जोड़ा जाता है। लेकिन 23 साल की कायली पुली ने इस धारणा को पूरी तरह बदल दिया है। बिना किसी एआई स्टार्टअप या बिजनेस बैकग्राउंड के कायली आज अमेरिका की रिटेल दिग्गज कंपनी वॉलमार्ट में 6 आंकड़े (सिक्स-फिगर) की कमाई कर रही हैं, अपना पहला घर खरीद चुकी हैं और जल्द ही बिना किसी कर्ज के अपनी शादी की तैयारी कर रही हैं।
कायली की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि वह वॉलमार्ट की सबसे कम उम्र की स्टोर मैनेजर हैं। दो साल बाद, 18 साल की उम्र में उन्हें 'अकादमी ट्रेनर' के रूप में पहला प्रमोशन मिला। उस समय उन्होंने ग्रैंड कैन्यन यूनिवर्सिटी में अपनी पढ़ाई शुरू ही की थी और उन्होंने वॉलमार्ट में फुल-टाइम कॅरिअर बनाने के बारे में नहीं सोचा था। लेकिन छह महीने बाद जब उन्हें टीम लीड का पद मिला, तो उनका नजरिया बदल गया।
जेब खर्च से शुरू हुआ कॅरिअर का सफर
एरिजोना की रहने वाली कायली पुली ने साल 2017 में महज 16 साल की उम्र में वॉलमार्ट में एक पार्ट-टाइम कैशियर के रूप में काम शुरू किया था। उस समय उनकी मां और बहन भी इसी कंपनी में काम करती थीं और कायली का इरादा केवल अपने पढ़ाई के दौरान कुछ अतिरिक्त जेब खर्च कमाना था।
कायली बताती हैं, टीम लीड बनने के बाद मुझे अहसास हुआ कि वॉलमार्ट एक ऐसी जगह है जहां मैं अपना शानदार कॅरिअर बना सकती हूं और आगे बढ़ सकती हूं। उसी के बाद मैंने सैलरी आधारित पदों के लिए आवेदन करना शुरू किया।
सफलता का मूल मंत्र हर मौके के लिए हां कहें
कायली अपनी इस असाधारण सफलता का श्रेय एक सरल रणनीति को देती हैं। हर दिन कुछ नया सीखने की ललक और अपनी तय जॉब डिस्क्रिप्शन से आगे बढ़कर काम करना। उनके स्टोर मैनेजर छुट्टी पर होते थे तो कायली उनके काम को संभालने के लिए खुद से पहल करती थीं।
नेटवर्किंग और मेंटरशिप : वह कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों और मार्केट मैनेजर्स के साथ होने वाली बैठकों में लगातार हिस्सा लेती रहीं और मेंटर्स की तलाश की।
युवाओं को सलाह : कायली का कहना है, अवसरों का इंतजार न करें, बल्कि उनका पीछा करें। जब भी नया प्रोजेक्ट या अतिरिक्त जिम्मेदारी मिले, तो घबराएं नहीं और हां कहें। इसी से आपका आत्मविश्वास बढ़ता है और प्रबंधन को दिखता है कि आप अगले कदम के लिए तैयार हैं।
21 की उम्र में रचा इतिहास
मेहनत व नई जिम्मेदारियां उठाने की बदौलत कायली का प्रमोशन बेहद तेजी से हुआ।
19 साल की उम्र : ऑपरेशन्स मैनेजर बनीं।
21 साल की उम्र : वॉलमार्ट की स्टोर मैनेजर बनीं, जो पूरे अमेरिका में एक रिकॉर्ड है। 23 साल की उम्र : वह आज भी फिनिक्स के पास एक 'नेबरहुड मार्केट' की कमान संभाल रही हैं।
भविष्य के पांच बड़े लक्ष्य
कॉलेज ड्रॉपआउट होने के बावजूद कायली की पढ़ाई और आगे बढ़ने की भूख खत्म नहीं हुई है। वह वॉलमार्ट के ट्यूशन-असिस्टेंस प्रोग्राम (शिक्षा सहायता कार्यक्रम) की मदद से अपनी पढ़ाई पूरी कर रही हैं। उनका अगला लक्ष्य 27 या 28 साल की उम्र तक मार्केट मैनेजर बनना है और भविष्य में कंपनी की रीजनल एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट के पद तक पहुंचना है।