दुनिया भर की कई हस्तियों के निधन का समाचार प्रसारित करने के बाद फ्रांस के रेडियो स्टेशन ने इसके पीछे तकनीकी दिक्कत का हवाला दिया है। दरअसल, फ्रांस के आरएफआई रेडियो स्टेशन ने कई हस्तियों को मृत घोषित कर दिया था। इनमें क्वीन एलिजाबेथ, दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ पेले, अभिनेता क्लिंट ईस्टवुड और ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह खामनेई का नाम भी शामिल है। रेडियो स्टेशन ने सोमवार को इसे लेकर माफी मांगी।
आरएफआई ने गलती से जिन हस्तियों के निधन की सूचना प्रसारित की थी, उसमें अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जिमी कार्टर, क्यूबा के नेता राउल कास्त्रो, अभिनेत्री सोफिया लॉरेन और ब्रिजिट बार्डोट के नाम शामिल हैं। इन सभी हस्तियों की आयु 80 से 90 साल के बीच है। इसके अलावा फ्रांस के प्रसिद्ध व्यापारी बर्नार्ड टेपी (77) की मौत की खबर भी आरएफआई ने चलाई। बता दें कि बर्नार्ड टेपी ने निधन की फर्जी खबरें पहले भी चल चुकी हैं।