फ्रांस समेत यूरोप के छह देशों में सुपरमार्केट के इंटरनेट से जुड़े फ्रिज और फ्रीजर हैक किए जाने का मामला सामने आया है। तापमान 50 डिग्री तक पहुंचने से खाने की बर्बादी हुई और करीब 150 स्टोर प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। आखिर हैकर्स ने फ्रिज को ही निशाना क्यों बनाया और इस हमले का असर कितना बड़ा है? पढ़िए रिपोर्ट
फ्रांस सहित पूरे यूरोप के खाद्य संकट और सुरक्षा तंत्र को हिलाकर रख देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। हैकर्स ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय साइबर हमले को अंजाम देते हुए फ्रांस के कई प्रमुख सुपरमार्केट्स के इंटरनेट-कनेक्टेड रेफ्रिजरेटर्स और फ्रीजर्स को हैक कर लिया। हैकर्स ने रातभर के लिए इनका तापमान बढ़ाकर 50 डिग्री सेल्सियस कर दिया, जिससे कई स्टोर्स में आग लग गई और लाखों रुपये का खाना सड़ गया।
विज्ञापन
पेरिस अभियोजक कार्यालय ने इसे पूरे फ्रांस में खाद्य खुदरा विक्रेताओं को निशाना बनाने वाला एक "बड़े पैमाने का" हमला करार दिया है। गंभीर स्थिति को देखते हुए फ्रांस के प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू ने राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा एजेंसी (एनएसएसआई) को इसकी तुरंत जांच करने के निर्देश दिए हैं।
दिग्गज रिटेलर कंपनी भी शिकार
साइबर इंटेलिजेंस फर्म 'सेकोइया' के मुताबिक, डिजिटल हमले की चपेट में फ्रांस ही नहीं, बल्कि स्पेन, पुर्तगाल, पोलैंड, जर्मनी और बेल्जियम भी आए हैं। फ्रांस की दिग्गज रिटेलर कंपनी इंटरमार्श ने बताया कि उनके लगभग 150 स्टोर्स में लगातार 6 घंटे तक फ्रिज उबलते रहे, जिसके बाद स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए सारा खाना कचरे में फेंकना पड़ा। पेरिस की सड़कों पर टूटे हुए डिब्बों से पिघली हुई आइसक्रीम बहती देखी गई।