अमेरिकी चैनल फॉक्स न्यूज के होस्ट ब्रायन किल्मेडे ने पिछले हफ्ते नेटवर्क पर एक चर्चा में मानसिक रूप से बीमार बेघर लोगों को फांसी दिए जाने की वकालत करने के लिए माफी मांगी। उन्होंने रविवार (स्थानीय समयानुसार) को कहा कि उनकी टिप्पणी 'बेहद असंवेदनशील' थी।
किल्मेडे की पहली टिप्पणी बुधवार (स्थानीय समयानुसार) को 'फॉक्स एंड फ्रेंड्स' कार्यक्रम में हुई बातचीत के दौरान आई थी, जो इस सप्ताहांत सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगी। वह अपने सह-होस्ट लॉरेंस जोन्स और ऐंसली इयरहार्ट के साथ 22 अगस्त को उत्तरी कैरोलिना के शार्लोट में एक ट्रेन में हुई इरीना जारुत्स्का की चाकू मारकर हत्या के बारे में चर्चा कर रहे थे।
ये भी पढ़ें: Charlie Kirk Case: कांग्रेस की जांच का सामना करेंगे FBI निदेशक पटेल, इस हफ्ते सीनेट के सामने होंगे पेश
हत्या के आरोप में डेकार्लोस ब्राउन जूनियर को किया गया था गिरफ्तार
एक बेघर और मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति डेकार्लोस ब्राउन जूनियर को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद फॉक्स न्यूज पर इस खबर को काफी प्रमुखता से दिखाया गया। बातचीत के दौरान जोन्स ने कहा कि सरकार बेघर लोगों की मदद पर बहुत पैसा खर्च करती है, लेकिन अगर कोई उनकी सेवाएं स्वीकार नहीं करता तो उसे जेल भेजा जाना चाहिए। इस पर किल्मेडे ने बीच में कहा, 'या अनैच्छिक रूप से जानलेवा इंजेक्शन, या कुछ और, बस उन्हें मार डालो।' वहीं, इयरहार्ट ने बीच में ही टोकते हुए पूछा, 'आखिर बात यहां तक क्यों पहुंची?' इस पर किल्मेडे ने जवाब दिया, 'मैं यह जरूर कहूंगा कि हम सही लोगों को वोट नहीं दे रहे हैं।'
जानलेवा इंजेक्शन लगवाने के लिए मैंने गलती से कहा
रविवार को 'फॉक्स एंड फ्रेंड्स' के वीकेंड शो में किल्मेडे ने कहा, 'मैंने गलती से कहा था कि उन्हें जानलेवा इंजेक्शन लगवाना चाहिए। मैं उस बेहद असंवेदनशील टिप्पणी के लिए माफी चाहता हूं। मुझे अच्छी तरह पता है कि सभी मानसिक रूप से बीमार और बेघर लोग वैसा अपराध नहीं करते जैसा उत्तरी कैरोलिना में हुआ, और उनमें से कई हमारी सहानुभूति और करुणा के हकदार हैं।' फॉक्स न्यूज प्रबंधन ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की।
ये भी पढ़ें: Charlie Kirk: चार्ली किर्क की हत्या की जांच तेज, यूटा गर्वनर बोले- हिरासत में सहयोग नहीं कर रहा हत्यारा
चार्ली किर्क की हत्या वाले दिन आया था किल्मेडे का बयान
न्यूयॉर्क में बेघर बच्चों के लिए आश्रय और सेवाएं मुहैया कराने वाली संस्था विन की अध्यक्ष और सीईओ क्रिस्टीन क्विन ने कहा कि किल्मेडे की टिप्पणी 'पूरी तरह मानवता से रहित' थी। उन्होंने किल्मेडे को आमंत्रित किया कि वे संगठन के किसी आश्रय गृह में आकर स्वयंसेवा करें। किल्मेडे का यह बयान उसी दिन आया था, जिस दिन यूटा में रूढ़िवादी कार्यकर्ता चार्ली किर्क की हत्या हुई थी। उसी दिन एमएसएनबीसी के विश्लेषक मैथ्यू डाउड को भी नौकरी से हटा दिया गया था, क्योंकि उन्होंने ऑन-एयर कहा था कि नफरत भरी भाषा, नफरत भरे कामों को जन्म देती है।