दुबई में एक भारतीय नागरिक लूट का शिकार हो गया है। यहां चार महिलाओं के गिरोह ने कथित रूप से उससे करीब 55 लाख रुपये लूट लिए। जानकारी मिली है कि इन महिलाओं ने 43 वर्षीय पीड़ित शख्स (पहचान जाहिर नहीं की गई) को डेटिंग एप पर फर्जी मसाज पार्लर का लालच दिया था।
पीड़ित ने बताया कि एक महिला ने उसका क्रेडिट कार्ड छीन लिया और एटीएम से 30 हजार दिरहम (5,92,586 रुपये) निकाल लिए। आरोपियों ने उसे एक दिन तक अपार्टमेंट में बंधक बनाकर रखा। इसके अलावा पीड़ित के बैंक खाते से आरोपी महिलाओं ने 2,50,000 दिरहम (49,38,219 रुपये) निकाल लिए।
पीड़ित ने बताया, ‘‘उन्होंने मेरा आईफोन लेने के बाद ही अर्पाटमेंट से जाने दिया। मैंने इसकी जानकारी बैंक को दी और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।’’ पुलिस ने बताया कि तीन नाइजीरियाई महिलाओं को शारजाह से गिरफ्तार किया गया है जबकि चौथी महिला अब भी फरार है।
पुलिस ने बताया, ‘‘एक महिला ने स्वीकार किया है कि वह टिंडर एप के जरिये खूबसूरत महिलाओं की तस्वीर दिखाकर लोगों को मसाज का लालच देती है। इसके बाद वह पीड़ित को अपार्टमेंट में बंद रखती हैं और उनके खाते से पैसे निकाल देश से बाहर मौजूद खातों में हस्तांतरित करती हैं।’’