उत्तरी माली के अजेलहोक में जिहादियों ने संयुक्त राष्ट्र के शांतिरक्षकों के शिविर पर हमला कर चार शांतिरक्षकों को मार डाला। इस हमले में 19 अन्य घायल हो गए हैं। माली स्थित संयुक्त राष्ट्र मिशन ने कहा है कि शिविर से घायलों को निकालने के लिए हेलीकॉप्टरों को मौके पर भेजा गया है। इस शिविर में अधिकतर चाड गणराज्य के थे।
मिशन ने कहा कि हमलावरों को भी भारी नुकसान हुआ है और वे हमले वाले स्थान पर अपने कई मृत साथियों को छोड़कर भाग गए हैं। संयुक्त राष्ट्र प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा कि महासचिव एंतोनियो गुटेरस ने हथियारबंद ताकतों के हमले की निंदा करते हुए मजबूती से हमले रोकने के लिए शांतिरक्षकों के साहस एवं वीरता की प्रशंसा की है।
उन्होंने कहा कि गुटेरस ने फिर कहा है कि शांतिरक्षकों को निशाना बनाने वाले हमले अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत युद्ध अपराधों के दायरे में आएंगे और हमलों के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्रतिबंध लगाए जाएंगे।