खदान में घुसकर बरसाईं गोलियां, 11 खदानों को आग लगाई
अधिकारियों के मुताबिक, हथियारबंद लोग तड़के सुबह खदान में घुसे और वहां काम कर रहे खनिकों पर गोलियां चला दीं। गोलीबारी में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घायल खनिकों को हरनोई के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने बताया कि संदिग्धों ने 11 कोयला खदानों में आग भी लगा दी।
सुरक्षा बलों ने की इलाके की घेराबंदी, संदिग्धों की तलाश जारी
'दुनिया न्यूज' ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और संदिग्धों की तलाश जारी है। यह पहली बार नहीं है जब विद्रोहियों ने अस्थिर प्रांत में कोयला खदान श्रमिकों को निशाना बनाया है।
दो साल पहले 11 मजदूरों का भी किया गया था अपहरण
2021 में प्रांत के माच इलाके में एक कोयला खदान से कम से कम 11 श्रमिकों का अपहरण कर लिया गया था और बाद में अलगाववादियों द्वारा उनकी हत्या कर दी गई थी। उसी साल क्वेटा के पास हरनाक खदान इलाके में एक कोयला खदान में काम करने वाले चार मजदूरों का अपहरण कर लिया गया था और बाद में उनकी हत्या कर दी गई थी।
एक दिन पहले बम विस्फोट में पांच लोगों की हुई मौत
इस्लामिक स्टेट (आईएस) और पाकिस्तानी तालिबान (टीटीपी) से जुड़े विद्रोहियों और आतंकवादियों ने प्रांत में हमले तेज कर दिए हैं। रविवार को बरखान जिले के एक बाजार में हुए बम विस्फोट में पांच लोगों की मौत हो गई थी और 16 अन्य घायल हो गए थे।