पाकिस्तान के सिंध प्रांत में शुक्रवार को हुए बम धमाके में दो पाकिस्तानी जवानों और एक नागरिक की मौत हो गई। रेलवे स्टेशन के पास सुरक्षा वाहन को निशाना बनाकर सड़क किनारे यह बम धमाका किया गया।
इसके अलावा एक अन्य घटना में सरकारी कार्यालय पर हथगोले से किए गए हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने कहा कि धमाके में अर्द्धसैनिक बल के अधिकारी समेत तीन अन्य लोग घायल भी हो गए। उन्होंने कहा कि सिंध प्रांत के घोटकी शहर के मुख्य रेलवे स्टेशन पर खड़े अर्द्धसैनिक बल पाकिस्तान रेंजर्स के वाहन के पास रिमोट कंट्रोल के जरिए धमाका किया गया।
पुलिस के मुताबिक, इस घटना के कुछ ही घंटे बाद, कराची के घनी आबादी वाले लियाकताबाद इलाके में अज्ञात हमलावरों ने सरकारी कार्यालय पर हथगोला फेंका। इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हुए।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, 'मोटर साइकिल पर सवार दो लोग अहसास कार्यक्रम के कार्यालय आए। इनमें से एक ने कार्यालय पर हथगोला फेंका, जिससे धमाका हो गया।' उन्होंने कहा कि हमले में नौ लोग घायल हो गए। सभी को पास के अब्बासी शाहिद अस्पताल ले जाया गया, जहां एक व्यक्ति की मौत हो गई।