न्यूयॉर्क में पुलिस ने मुस्लिम समुदाय पर जानलेवा हमला करने की योजना बनाने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से तीन की बुधवार को पहचान कर ली गई वहीं चौथे संदिग्ध की पहचान नहीं की जा सकी है।
प्रवक्ता जारेड रेने ने बताया कि पुलिस ने न्यूयॉर्क के ग्रीस में संदिग्धों के घर से तीन विस्फोटक यंत्र और 23 हथियार बरामद किए। इसके बाद ब्रायन कोलानेरी (20), एंड्रयू क्रिसेल (18) और विंसेंट वेट्रोमिले (19) को गिरफ्तार किया।
रेने ने बताया कि चौथे 16 वर्षीय अज्ञात संदिग्ध को भी हिरासत में लिया गया है। समूह पर ग्रीस से कई घंटे की दूरी पर रहने वाले इस्लामबर्ग नाम के समुदाय के खिलाफ हमले की योजना बनाने का आरोप है।
उन्होंने बताया कि पुलिस को हाई स्कूल के एक छात्र से इसकी सूचना मिली थी जिसने दूसरे छात्रों को ‘‘अगले स्कूल शूटर’’ के बारे में बात करते हुए सुना था। जब अधिकारियों ने घरों की तलाशी ली तो उन्हें वहां माता-पिता द्वारा खरीदे गए जानलेवा हथियार बरामद हुए।
विस्फोटक रखने के आरोप में तीन आरोपियों के पांच फरवरी को अदालत में पेश होने की संभावना है।
रेने ने बताया कि ये आतंकवाद समेत संघीय आरोपों का भी सामना कर सकते हैं।