अमेरिका के पूर्व उप राष्ट्रपति जो बिडेन भी अब अमेरिका के अगले राष्ट्रपति की दौड़ में शामिल हो गए हैं। बिडेन ने गुरुवार को राष्ट्रपति पद के लिए अपनी उम्मीदवारी की घोषणा की। जो बिडेन ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के कार्यकाल में आठ साल तक उप राष्ट्रपति का कार्यभाल संभाला था। इससे पहले बर्नी सैंडर्स और भारतीय मूल की कमला हैरिस जैसे बड़े नाम भी अपनी उम्मीदवारी की घोषणा कर चुके हैं।
76 वर्षीय जो बिडेन का नाम राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवारी जता चुके 20 डेमोक्रेट्स की फेहरिस्त में शामिल हो गया है। उम्मीदवारी जताते हुए बिडेन ने ट्विटर पर एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें वह कह रहे हैं, 'वह सबकुछ जिसने अमेरिका को अमेरिका बनाया अब वह दांव पर है। इसीलिये मैं आज अमेरिका के राष्ट्रपति के लिए उम्मीदवारी की घोषणा कर रहा हूं।'
20 नवंबर 1941 को पेनसिल्वेनिया में जन्मे जो बिडेन राजनीति में आने से पहले कुछ समय तक एक अटॉर्नी के तौर पर काम करते थे। वह अमेरिकी इतिहास के पांचवे सबसे युवा सीनेटर बने। इसके साथ ही वह डेलावेयर के सबसे लंबे समय तक सेवाएं देने वाले सीनेटर भी हैं। 2008 में उनका राष्ट्रपति अभियान लोगों को ज्यादा आकर्षित नहीं कर सका था। जब 2008 में बराक ओबामा राष्ट्रपति बने, बिडेन अमेरिका के 47वें उप राष्ट्रपति बने।
2012 में ओबामा जब फिर से राष्ट्रपति चुने गए तो बिडेन का कार्यकाल भी बढ़ा। 2017 में अमेरिका के लिए उनकी सेवाओं को देखते हुए ओबामा ने उन्हें विशेष सम्मान के साथ राष्ट्रपति पदक (प्रेसीडेंशियल मेडल ऑफ फ्रीडम) से सम्मानित किया था। बिडेन ने 2008 के अलावा 1988 में भी राष्ट्रपति पद के लिए दावेदारी जताई थी, लेकिन दोनों ही बार वह पहले ही दौड़ से बाहर हो गए।