अमेरिका में पूर्व नौसेना अधिकारी टेलर टारेंटो को मंगलवार को अदालत ने हथियार रखने और सरकारी इमारत को उड़ाने की झूठी धमकी देने के मामले में दोषी करार दिया है। अमेरिकी जिला न्यायाधीश कार्ल निकोल्स ने यह फैसला सुनाया। टारेंटो को जून 2023 में पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के घर के पास गिरफ्तार किया गया था। उस वक्त उसकी वैन से दो बंदूकें, लगभग 500 गोलियां और एक लंबी छुरी बरामद की गई थी। टारेंटो के खिलाफ मुकदमा बिना जूरी के चला और इसका ट्रायल पिछले हफ्ते शुरू हुआ था।
बता दें कि टोरेंटे 2023 में टोरेंटे की गिरफ्तारी के दिन डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर ओबामा के घर का पता शेयर किया था। टारेंटो ने इस पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा था कि हमने इन हारे हुए लोगों को घेर लिया है। पोस्ट में उसने ये भी कहा कि नरक में मिलते हैं जॉन पोडेस्टा और ओबामा। साथ ही टारेंटो यूट्यूब पर लाइव वीडियो में कह रहा था कि वह भूमिगत सुरंगों के रास्ते ढूंढ रहा है और एक अच्छा शूटिंग एंगल लेना चाहता है।
धमकी देने का दोषी, लेकिन बम नहीं मिला
टारेंटो पर ओबामा या जॉन पोडेस्टा को धमकाने का मामला दर्ज नहीं हुआ, लेकिन उसे मैरीलैंड के नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ स्टैंडर्ड्स एंड टेक्नोलॉजी (एनआईएसटी) को बम से उड़ाने की झूठी धमकी देने का दोषी पाया गया। टारेंटो का दावा था कि वह सिर्फ मजाक कर रहा था और खुद को पत्रकार व कॉमेडियन मानता है।
ट्रंप से पहले मिली थी माफी
गौरतलब है कि टारेंटो उन कुछ लोगों में से है जिन्हें 6 जनवरी 2021 को कैपिटल हिल हमले में शामिल होने के बाद ट्रंप की तरफ से माफी मिली थी। उस हमले के दौरान टारेंटो स्पीकर लॉबी के पास मौजूद था, जहां ऐशली बैबिट नामक एक दंगाई महिला को पुलिस ने गोली मारी थी।