अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का निजी बोइंग 757 विमान
- फोटो : सोशल मीडिया
इतना आलीशान होने के बावजूद अब इस विमान की स्थिति दिन पर दिन बदहाल होती जा रही है। यह विमान केवल धूल खा रहा है, वह भी तब जब यह हवाई जहाज किसी और का नहीं बल्कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का है।
न्यूयॉर्क के नजदीकी हवाई अड्डे पर खड़ा किया गया है विमान
ट्रंप का निजी बोइंग-757 विमान आजकल न्यूयॉर्क के एक नजदीकी हवाई अड्डे पर खड़ा किया गया है, जहां इस विमान की हालत बद से बदतर होती जा रही है। बता दें, इससे पहले ट्रंप अपने फोटो शूट, चुनाव प्रचार, विशिष्ट दौरों आदि के लिए इस विमान का इस्तेमाल किया करते थे, लेकिन वर्तमान अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के शपथ समारोह के बाद से ही यह विमान एक बार भी नहीं उड़ा।
ऐसा कहा जा रहा है कि ट्रंप फिलहाल सार्वजनिक जीवन और यात्राओं से दूर हैं। इसके चलते उनके विमान का एक इंजन खराब हो चुका है। केवल इतना ही नहीं, उसके कुछ हिस्से भी गायब हैं। दूसरा इंजन भी गड़बड़ होने के करीब है।
जर्जर हो रहे विमान की मरम्मत में आएगा भारी खर्च
एक अनुमान के अनुसार, इसकी मरम्मत और दोबारा इसे उड़ान भरने योग्य बनाने के लिए बड़ी रकम की जरूरत होगी और फिलहाल ट्रंप का इरादा नहीं है कि वह विमान पर इतना अधिक खर्च करें। वहीं, उनकी वर्तमान वित्तीय स्थिति को सार्वजनिक नहीं किया गया है।
विशेषज्ञों का कहना है कि खुले आसमान के नीचे विमान के खड़े होने से इसके इंजन की धातु को नुकसान पहुंच सकता है। वहीं, ट्रंप के कारोबार से जुड़े एक प्रतिनिधि से पूछा गया कि विमान का इस्तेमाल क्यों नहीं किया जा रहा है? इसकी मरम्मत क्यों नहीं कराई जा रही है? ट्रम्प दोबारा इसमें उड़ान भर सकते हैं या नहीं? लेकिन इन सभी सवालों पर उनकी तरफ से कोई टिप्पणी नहीं की गई।