पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के छोटे भाई और पंजाब प्रांत के पूर्व मुख्यमंत्री शहबाज शरीफ को आशियाना इकबाल हाउसिंग घोटाले में अदालत में पेश होने के लिए सात जनवरी तक की मोहलत मिल गई है। हालांकि, कोर्ट ने साफ कहा कि यह शहबाज के लिए अदालत में पेश होने का आखिरी मौका है। हाउसिंग घोटाले मामले में मंगलवार को सुनवाई के दौरान जवाबदेही अदालत ने शहबाज के खिलाफ सख्त टिप्पणी की।
पाकिस्तान मुस्लिम लीग (एन) के प्रमुख शहबाज के वकील ने हड़ताल का हवाला देते हुए अदालत से सुनवाई टालने का आग्रह किया। इसके बाद जज अमजद नजीर चौधरी ने सुनवाई सात जनवरी तक के लिए टाल दी। साथ ही स्पष्ट किया कि अगली सुनवाई पर शहबाज को कोर्ट में पेश होना पड़ेगा और यह उनके पास आखिरी मौका है। जज चौधरी ने कहा कि शहबाज के कोर्ट में मौजूद नहीं रहने की वजह से इस मामले की सुनवाई पर असर पड़ रहा है।