फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

US Reflecting Pool: नुकसान पहुंचाने के आरोप में पूर्व ओलंपियन ने खुद को बताया निर्दोष, जानें क्या दी सफाई

Fri, 10 Jul 2026 04:24 AM IST
Pavan पीटीआई, वॉशिंगटन

सार

अमेरिका के पूर्व ओलंपियन डेविड हर्न ने लिंकन मेमोरियल रिफ्लेक्टिंग पूल को नुकसान पहुंचाने के आरोप से अदालत में इनकार किया है। उन पर 1,000 डॉलर से अधिक का नुकसान पहुंचाने का आरोप है। बचाव पक्ष ने इसे राजनीतिक कार्रवाई बताया, जबकि अभियोजन पक्ष का कहना है कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर कानून के तहत कार्रवाई होगी।
विज्ञापन
लिंकन मेमोरियल रिफ्लेक्टिंग पूल - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अमेरिका के पूर्व ओलंपिक कैनो खिलाड़ी डेविड हर्न ने वॉशिंगटन डीसी की अदालत में लिंकन मेमोरियल रिफ्लेक्टिंग पूल को नुकसान पहुंचाने के मामले में खुद को निर्दोष बताया है। 67 वर्षीय हर्न पर हाल ही में मरम्मत किए गए रिफ्लेक्टिंग पूल को जानबूझकर नुकसान पहुंचाने का आरोप है। उन पर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की एक गंभीर (फेलोनी) धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पहले ही बिना कोई सबूत पेश किए दावा कर चुके हैं कि रिफ्लेक्टिंग पूल को नुकसान प्रदर्शनकारियों या तोड़फोड़ करने वालों ने पहुंचाया था। वहीं हर्न और उनके वकीलों का कहना है कि उनके खिलाफ राजनीतिक कारणों से कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन


क्या है पूरा मामला?
डेविड हर्न का कहना है कि 19 जून को वह 103 किलोमीटर लंबी साइकिल यात्रा के दौरान लिंकन मेमोरियल रिफ्लेक्टिंग पूल के पास रुके थे। उन्होंने देखा कि पूल की नई सीलिंग (कोटिंग) उखड़ रही है। इसे करीब से देखने के लिए उन्होंने उखड़ी हुई परत को हाथ लगाया, लेकिन जैसे ही पार्क के एक कर्मचारी ने छोड़ने को कहा, उन्होंने तुरंत उसे छोड़ दिया। हालांकि अभियोजन पक्ष का आरोप है कि हर्न ने जानबूझकर नई सीलिंग को उखाड़ा और इससे 1,000 डॉलर से अधिक का नुकसान हुआ। साथ ही उन पर पार्क कर्मचारी के साथ अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप लगाया गया है।

अदालत में क्या हुआ?
वॉशिंगटन डीसी सुपीरियर कोर्ट में सुनवाई के दौरान हर्न ने अपने वकील के माध्यम से सभी आरोपों से इनकार किया। अदालत ने उन्हें मुकदमे तक किसी निगरानी में रखने का आदेश नहीं दिया। मामले की अगली सुनवाई 5 अगस्त को होगी। सरकारी वकील ने अदालत से केवल इतना अनुरोध किया कि हर्न को कुछ स्थानों से दूर रहने का आदेश दिया जाए। वहीं हर्न की वकील मैरी डोहरमैन ने कहा कि उनके मुवक्किल एक सम्मानित नागरिक हैं और सरकार के पास उनके खिलाफ मजबूत सबूत नहीं हैं।
विज्ञापन


बचाव पक्ष ने कहा- यह राजनीतिक मामला है
हर्न के वकील नॉर्म आइजन ने अदालत के बाहर कहा कि यह मुकदमा हर अमेरिकी के लिए चिंता का विषय होना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी सार्वजनिक स्थल को छूना अपराध नहीं है और इस मामले में अभियोजन पक्ष अपनी शक्तियों का गलत इस्तेमाल कर रहा है। हर्न के वकीलों ने आरोप लगाया कि सरकार ने अपने निर्माण कार्य की कमियों को छिपाने के लिए यह मामला गढ़ा है। उनका कहना है कि यह न्यायिक प्रक्रिया का राजनीतिक इस्तेमाल है।

अदालत के बाहर समर्थकों का प्रदर्शन
सुनवाई के बाद अदालत के बाहर दर्जनों समर्थक हर्न के समर्थन में जुटे। लोग 'डेवी' के नारे लगा रहे थे और हाथों में पोस्टर लिए हुए थे। हर्न ने समर्थकों का अभिवादन किया, हाथ हिलाया और मुट्ठी उठाकर उनका धन्यवाद किया, लेकिन मीडिया से कोई बयान नहीं दिया। अमेरिकी कैनो और कयाक खेल संस्था के पूर्व अध्यक्ष एडम वैन ग्रैक ने कहा कि हर्न ने कई दशकों तक स्वेच्छा से नेशनल पार्क सर्विस की संपत्तियों की देखभाल की है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति पूरी जिंदगी सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करता रहा हो, उसे सरकारी संपत्ति नष्ट करने वाला बताना समझ से परे है।

रिफ्लेक्टिंग पूल परियोजना पहले से विवादों में
लिंकन मेमोरियल रिफ्लेक्टिंग पूल का 1.6 करोड़ डॉलर की लागत से नवीनीकरण कराया गया था, लेकिन शुरुआत से ही इस परियोजना में कई समस्याएं सामने आईं। पूल में शैवाल (एल्गी) की समस्या दूर करने के लिए विशेष नैनोबबल तकनीक का इस्तेमाल किया गया। इसके बावजूद नई कोटिंग कई जगह से उखड़ने लगी और उसकी परतें पानी में तैरती दिखाई दीं। राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया था कि कुछ लोगों ने पूल में खाद डाली और बॉक्स कटर से उसकी कोटिंग काट दी, हालांकि इस दावे के समर्थन में कोई सार्वजनिक सबूत पेश नहीं किया गया। अभियोजन पक्ष के अनुसार इस परियोजना से जुड़े मामलों में छह अन्य लोगों को भी मामूली आरोपों में गिरफ्तार किया गया है।
विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें