भ्रष्टाचार मामले में 19 महीने जेल में बिताने के बाद ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति लुईज इनासियो लूला दा सिल्वा जेल से बाहर आ गए। उन्होंने बाहर निकलते ही देश की दक्षिणपंथी सरकार और ताकतों के खिलाफ जंग के अपने संकल्प को दोहराया।
उन्होंने सरकार पर अन्याय करने और गलत तरीके से उन्हें जेल में बंद करने का आरोप लगाया। दा सिल्वा ने शुक्रवार देर रात को समर्थकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ‘वे नहीं जानते हैं कि 74 वर्षीय एक जुनूनी शख्स का सामना करने का क्या परिणाम होगा।’
कैंसर को मात दे चुके दा सिल्वा ने वर्ष 2003 से 2010 तक ब्राजील का नेतृत्व किया था और दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता बन गए थे। उन्हें जेल से मुक्त करने का आदेश देते हुए देश की सर्वोच्च अदालत ने अपने फैसले में कहा था कि किसी व्यक्ति को तभी जेल भेजा जा सकता है, जब उसकी सभी अपीलों पर निर्णय हो जाए।