ऑस्ट्रेलिया की पूर्व सांसद जूलिया बैंक्स
- फोटो : twitter.com/juliahbanks
ऑस्ट्रेलिया में एक बार फिर संसद भवन की मर्यादा को तार-तार करने के आरोप लगे हैं। इस बार यह आरोप पूर्व सांसद जूलिया बैंक्स ने लगाए हैं जब वे सांसद थीं। मामला 2017 का है जब तत्कालीन पुरुष सांसद उन्हें संसद में गलत ढंग से स्पर्श करते रहे। फिलहाल ये पुरुष सांसद ऑस्ट्रेलिया में कैबिनेट मंत्री हैं। हालांकि बैंक्स ने उनकी पहचान उजागर नहीं की है।
पूर्व सांसद जूलिया बैंक्स ने आरोप लगाया है कि साल 2017 में संसद भवन में एक मौजूदा कैबिनेट मंत्री ने उनकी जांघों पर हाथ फेरा था। इस आरोप के सामने आने के बाद प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन के दफ्तर ने एक बयान जारी कर कहा कि उन्हें इससे पहले इस घटना की कोई जानकारी नहीं रही है। पीएमओ से जारी बयान में कहा गया है कि मौजूदा मंत्री का इस तरह का पूर्व में किया गया बर्ताव पूरी तरह से अनुचित था। इस आरोप को लेकर ऑस्ट्रेलियाई संसद में एक बार फिर तूफान उठ खड़ा हुआ है।
हालांकि, जूलिया बैंक्स ने अभी उस पुरुष सांसद की पहचान उजागर नहीं की है। उस घटना को याद करते हुए उन्होंने कहा कि वह और दूसरे कई सांसद उस समय रात के समय संसद में मतदान के लिए इंतजार कर रहे थे, जब यह मंत्री आए और उनके बगल में बैठ गए। उन्हंने कहा कि इस दौरान पुरुष सांसद ने न सिर्फ मेरी जांघों पर बल्कि मेरे पैरों पर भी अपना हाथ रखा।
उस वक्त पूरा हॉल सांसदों से भरा था
पूर्व सांसद जूलिया बैंक्स ने आरोप लगाया है कि एक मंत्री जो देश के प्रधानमंत्री की कैबिनेट का हिस्सा हो वह कुछ ऐसा करे जो अनुचित और अमर्यादित हो, यह निश्चित तौर पर बेशरमी होगी। उसने यह हरकत ऐसे वक्त में की जब पूरा हॉल सांसदों से भरा हुआ था। बैंक्स ने कहा कि जिस वक्त मेरे साथ यह ओछी हरकत हुई मैं इस पर भरोसा नहीं कर पा रही थी।
रूढ़िवादी सरकार सवालों के घेरे में
ऑस्ट्रेलिया में स्कॉट मॉरिसन की सरकार को पारंपरिक और रूढ़िवादी राजनीति के लिए जाना जाता है। यह सरकार पुरानी परंपराओं को आधार बनाकर ही सत्ता में लौटी है। ऐसे में ऑस्ट्रेलियाई राजनीति में महिलाओं के साथ होने वाले व्यवहार को एक बार फिर सवालों के घेरे में लाकर खड़ा कर दिया है।