फ्लाईदुबई की उड़ान को हाईजैक करने और क्रैश कराने की आतंकी साजिश में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। दुबई पुलिस ने आतंकी साजिश और भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला मामले में एयरलाइन के दो और पायलटों को गिरफ्तार किया है। मालदीव के दोनों पायलटों के तार फ्लाईदुबई के आरोपी सह-पायलट ओमान के हमाम-अल-हमामी से जुड़ रहे हैं।
इस बीच, दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान संख्या एफजेड-1073 में सवार यात्री असाफ की गवाही ने जांच एजेंसियों को चौंका दिया है। येरूशलम पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, असाफ ने दावा किया है कि जब यात्रियों ने सह पायलट हमाम को काबू कर बांध दिया था, तो केबिन क्रू के कुछ सदस्यों ने उसके बंधनों को ढीला करने की कोशिश की। यही नहीं, जब यात्री पूरी घटना का वीडियो बना रहे थे, तो क्रू मेंबर्स ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया। असाफ ने सबसे चौंकाने वाला दावा यह किया है कि क्रू ने खून से लथपथ स्मिथ के मुंह में एक रहस्यमयी गोली डालने की कोशिश की। आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।
क्रू में सिर्फ पुरुष ही थे
असाफ की गवाही में यह भी दावा किया गया कि उस उड़ान के लिए केबिन क्रू में केवल पुरुष फ्लाइट अटेंडेंट्स को ही तैनात किया गया था। इससे यह गंभीर संदेह पैदा हो गया है कि क्या विमान के भीतर आरोपी सह-पायलट की मदद के लिए अंदरूनी नेटवर्क मौजूद था। क्रू के कुछ सदस्यों की संदिग्ध भूमिका भी हो सकती है। यात्री के अनुसार, आरोपी सह-पायलट को काबू में करने के बाद भी कुछ लोगों ने उसके साथ नरमी बरतने की कोशिश की। मालदीव के समाचार पोर्टल अधाधू के अनुसार, मालदीव के गिरफ्तार दोनों पायलट फ्लाईदुबई में कार्यरत छह मालदीवियन पायलटों में सबसे नए भर्ती हुए स्टाफ में शामिल हैं।
उड़ान में 174 यात्री और चालक दल के सदस्य थे
फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 दुबई से तेल अवीव जा रही थी। विमान में यात्रियों और चालक दल के कुल 174 सदस्य थे, जब कथित हमला हुआ। रिपोर्ट के अनुसार, उड़ान के दौरान सह-पायलट ने विमान को हाईजैक करने और दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश में कैप्टन स्मित मच्छर पर चाकू से हमला किया।
हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मच्छर ने हमलावर का मुकाबला किया और कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। इसके बाद चालक दल के सदस्य और यात्री अंदर पहुंचे, उन्होंने सह-पायलट को काबू किया और विमान को स्थिर बनाए रखने में मदद की। विमान की सऊदी अरब के तबुक हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग कराई गई।
ओमानी सह-पायलट पर आतंकवादी हमले की कोशिश का आरोप
यूएई ने इस घटना को आतंकवादी हमले की कोशिश बताया है। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी सह-पायलट अल-हम्मामी की उम्र 29 वर्ष है। यूएई के अधिकारियों ने यह भी कहा है कि उस पर चरमपंथी विचारधारा का समर्थन करने का संदेह था। साथ ही, ओमान के अधिकारियों ने कथित तौर पर पहले उसे पायलट लाइसेंस हासिल करने से रोक दिया था।
हाईजैक अलर्ट पर जर्मनी के दो लड़ाकू विमान पहुंचे
ग्रीस से जर्मनी जा रहे एक यात्री विमान के कॉकपिट से हाईजैक का अलर्ट मिलने के बाद मंगलवार को हड़कंप मच गया। जर्मनी की वायुसेना ने दो यूरोफाइटर लड़ाकू विमान भेजे और यात्री विमान को नूर्नबर्ग हवाई अड्डे तक एस्कॉर्ट किया। विमान सुरक्षित उतर गया। एयरलाइन ने अलर्ट के पीछे रेडियो संचार प्रणाली में तकनीकी खराबी को जिम्मेदार बताया और कहा कि यात्रियों तथा चालक दल को कोई खतरा नहीं था।