फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फ्लाईदुबई की एक और उड़ान डायवर्ट: तेल अवीव जा रही थी फ्लाइट, एफजेड-1081 का बदला गया रूट

Wed, 30 Sep 2026 04:32 PM IST
देवेश त्रिपाठी वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, दुबई

सार

फ्लाईदुबई की दुबई से तेल अवीव जाने वाली एक और उड़ान एफजेड1081 बुधवार को गंतव्य तक पहुंचने के बजाय वापस दुबई लौट गई। विमान के लौटने की वजह तत्काल सामने नहीं आई और एफजेड1073 में हुई पिछली आपात स्थिति से इसका कोई संबंध भी नहीं मिला है।
विज्ञापन
फ्लाईदुबई की एक और उड़ान डायवर्ट - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक और उड़ान एफजेड 1081 बुधवार को वापस दुबई लौट गई। विमान के वापस लौटने की वजह तत्काल स्पष्ट नहीं हो सकी। हालांकि, अभी तक ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है कि इस घटना का पहले फ्लाईदुबई की उस उड़ान से कोई संबंध था, जिसमें हाइजैक का अलर्ट जारी हुआ था।
विज्ञापन


पायलटों के बीच खूनी झड़प
इससे पहले दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड 1073 में बुधवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब हवा में दोनों पायलटों के बीच कथित तौर पर हिंसक झड़प हो गई। घटना के दौरान विमान से दो आपातकालीन संकेत भेजे गए। इनमें से एक संकेत विमान में गैरकानूनी हस्तक्षेप यानी संभावित हाइजैक की ओर इशारा करता था।

इसके बाद इस्राइल में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और स्थिति पर तत्काल नजर रखी गई। बाद में विमान को सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया। फ्लाईदुबई ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और मामले की जांच की जा रही है।
विज्ञापन


विमान पर घटना से इस्राइल क्यों हुआ अलर्ट?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान में करीब 180 यात्री सवार थे, जिनमें 100 से ज्यादा इस्राइली थे। उड़ान के दौरान कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच शारीरिक संघर्ष हुआ। इस दौरान एक पायलट के घायल होने और चाकू से हमला किए जाने की खबरें सामने आईं। यात्रियों ने विमान के भीतर चीख-पुकार सुनने की बात कही। कुछ यात्रियों ने घायल पायलट को होश में रखने और कॉकपिट के आसपास स्थिति संभालने में मदद की।

सबसे गंभीर स्थिति तब बनी जब विमान अचानक तेजी से नीचे आने लगा। फ्लाइट ट्रैकिंग के आंकड़ों के अनुसार, विमान ने बहुत कम समय में लगभग 15 हजार फीट की ऊंचाई गंवाई। विमान ने पहले 7700 इमरजेंसी कोड प्रसारित किया और कुछ मिनट बाद 7500 कोड भेजा, जो गैरकानूनी हस्तक्षेप या संभावित अपहरण का संकेत होता है। बाद में विमान ने फिर 7700 कोड का इस्तेमाल किया। 

7500 संकेत मिलने के बाद इस्राइली सुरक्षा तंत्र में हलचल बढ़ गई। इस्राइल की वायुसेना ने संभावित आपात स्थिति के लिए लड़ाकू विमानों को तैयार किया। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों के साथ स्थिति पर चर्चा की। हालांकि बाद के आकलन में अधिकारियों ने कहा कि विमान का हाइजैक नहीं हुआ था और घटना का संबंध पायलटों के बीच हुई झड़प से था। 

सऊदी अरब में उतारा गया विमान
विमान ने आखिरकार अपने निर्धारित गंतव्य तेल अवीव जाने के बजाय सऊदी अरब के तबूक में आपात लैंडिंग की। फ्लाईदुबई ने कहा कि विमान सुरक्षित उतर गया और सभी यात्री सुरक्षित हैं। कंपनी की टीमें संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही हैं और आगे की जानकारी जांच पूरी होने के बाद दी जाएगी।

घटना को लेकर पायलटों की कथित झड़प, कॉकपिट में चाकू से हमले और विमान के अचानक नीचे आने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। कुछ मीडिया रिपोर्टों में एक पायलट के जानबूझकर विमान को नीचे ले जाने की कोशिश का दावा किया गया है, लेकिन इस दावे की स्वतंत्र और आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

घटना की जांच में जुटी एजेंसियां
इस घटना ने विमान में सवार यात्रियों के लिए कुछ मिनटों को बेहद तनावपूर्ण बना दिया। हालांकि सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि विमान सुरक्षित रूप से तबूक में उतर गया और यात्रियों को किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कॉकपिट में वास्तव में क्या हुआ, दोनों पायलटों के बीच विवाद किस वजह से शुरू हुआ और विमान के अचानक नीचे आने के पीछे क्या परिस्थितियां थीं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें