एस-400 मिसाइल एयर डिफेंस सिस्टम (फाइल फोटो)
तुर्की के रक्षा मंत्रालय ने जानकारी दी कि रूस की एस-400 मिसाइलों की पहली खेप तुर्की पहुंच चुकी है। मंत्रालय ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि उन्नत वायु रक्षा प्रणालियों के उपकरणों का पहला समूह राजधानी अंकारा के बाहर मर्टेड एयरबेस तक पहुंचाया गया था।
वहीं, तुर्की के रक्षा उद्योग निदेशालय ने कहा कि मिसाइल सिस्टम से जुड़े हिस्सों की डिलिवरी आने वाले दिनों में जारी रहेगी। एक बार जब सिस्टम पूरी तरह से तैयार हो जाएगा तो इसका उपयोग संबंधित अधिकारियों द्वारा निर्धारित तरीके से किया जाना शुरू किया जाएगा।
अमेरिका लगा सकता है आर्थिक प्रतिबंध
एस-400 मिसाइलों का तुर्की पहुंचना उसके और अमेरिका के बीच नया गतिरोध तैयार कर सकता है। अमेरिका ने तुर्की से एस-400 मिसाइल के सौदे को रद्द करने को कहा था। अमेरिका ने चेतावनी दी थी कि यदि वह ऐसा करता है तो उसे आर्थिक प्रतिबंधों का सामना करना पड़ेगा।
अमेरिका की ओर से यह भी कहा गया था कि नाटो देश तुर्की को हाईटेक एफ-35 लड़ाकू जेट विमानों के निर्माण कार्यक्रम में भी शामिल नहीं किया जाएगा। अमेरिका बार-बार यह कहता रहा है कि रूस की मिसाइल प्रणाली नाटो सिस्टम के लिए संगत नहीं है और एफ-35 लड़ाकू विमानों के लिए खतरा है।