हवा चलने से फैली आग
पासाडेना में अग्निशमन प्रमुख चाड ऑगस्टिन ने कहा कि ईटन में लगी आग से करीब 200 से 500 इमारतें नष्ट हुई हैं। उन्होंने कहा कि शहर की जल व्यवस्था पर आग बुझाने के लिए दबाव पड़ रहा था। इसके बाद जब बिजली कटौती हो गई तो दिक्कत और बढ़ गई। इसके बाद तेज हवाएं चलने से उड़े अंगारों ने दूसरे इलाकों को भी अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने कहा कि हम आग को रोक नहीं पाए। क्योंकि हवा के झोंके आग से कई मील आगे तक अंगारे फेंक रहे थे। लॉस एंजिल्स के पैसिफिक पैलिसेड्स में भी आग से काफी नुकसान हुआ। आग में जलकर घर राख हो गए थे। स्विमिंग पूल कालिख से काले हो गए और स्पोर्ट्स कारें पिघले हुए टायरों पर खड़ी नजर आईं।
अभिनेताओं के घर भी जलकर खाक
आग प्रसिद्ध हॉलीवुड अभिनेताओं के घरों वाले क्षेत्र कैलाबास और सांता मोनिका तक पहुंच गई। इसके चलते कई फिल्मी सितारों ने अपने घर खो दिए। फिल्मी सितारे मैंडी मूर, कैरी एल्वेस और पेरिस हिल्टन ने कहा कि उनका घर आग में जल गया। बिली क्रिस्टल और उनकी पत्नी जेनिस ने पैलिसेड्स अग्निकांड में अपना 45 साल पुराना घर खो दिया। क्रिस्टल ने कहा कि हमने अपने बच्चों और नाती-नातिनों को यहीं पाला है। हमारे घर का हर इंच प्यार से भरा हुआ था। खूबसूरत यादें जिन्हें कभी नहीं भुलाया जा सकता। डायलन विंसेंट ने कहा कि ऐसी जगह पर वापस आना बहुत अजीब है जो अब वास्तव में मौजूद ही नहीं है। मैंने देखा कि प्राथमिक विद्यालय जलकर खाक हो गया और पूरे ब्लॉक समतल हो गए थे। आग ने 42 वर्ग मील क्षेत्र को नष्ट कर दिया।
बाहर निकलने का ज्यादा समय नहीं मिला
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि लोगों को भागने का मौका ही नहीं मिल सका। पुलिस ने भी अपनी गश्त करने वाली गाड़ियों में शरण ली। सीनियर लिविंग सेंटर के निवासियों को व्हीलचेयर और अस्पताल के बिस्तरों पर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। वहीं सुरक्षित स्थान पर पहुंचने की होड़ में पैसिफिक पैलिसेड्स के लोग वाहन छोड़कर पैदल ही भागते नजर आए।
कई स्टूडियो और ऐतिहासिक स्थल भी खाक
लगातार बढ़ रही आग के चलते हॉलीवुड स्टूडियो में कई शूटिंग रोक दी गईं हैं। यूनिवर्सल स्टूडियो ने पासाडेना और पैसिफिक पैलिसेड्स के बीच अपना थीम पार्क बंद कर दिया। इसके साथ ही दक्षिणी कैलिफोर्निया के कई ऐतिहासिक स्थल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। राष्ट्रपति जो बाइडन ने गवर्नर गेविन न्यूसम के साथ सांता मोनिका फायर स्टेशन पहुंचने के बाद राज्य में आपातकाल की घोषणा की। साथ ही नेशनल गार्ड के सैनिकों को मदद के लिए भेजा।