दक्षिण अमेरिकी देश पेरू में एक खादान में आग लगने की घटना सामने आई है। इस घटना में 27 लोगों की मौत हो गई है। सीएनएन ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि दक्षिणी पेरू में सोने की एक छोटी सी खदान में आग लगने से 27 लोगों की मौत हो गई। सीएनएन ने स्थानीय सरकार का हवाला देते हुए इसे दो दशकों से अधिक समय में देश की सबसे घातक खनन दुर्घटना बताया है।
एक बयान में स्थानीय सरकार ने कहा कि अरेक्विपा (Arequipa) के दक्षिणी क्षेत्र में शनिवार की सुबह शॉर्ट-सर्किट से आग लग गई। स्थानीय अभियोजक गियोवन्नी माटोस (Giovanni Matos ) ने रविवार को स्थानीय टेलीविजन को बताया कि यानाक्विहुआ पुलिस थाने ने इसकी पुष्टि की है, 27 लोगों की मौत हुई है।
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, पेरू के मंत्रिपरिषद ने अरेक्विपा में यानाक्विहुआ खदान के शाफ्ट में आग लगने के बाद मारे गए खनिकों के परिवारों के साथ एकजुटता व्यक्त की है। पेरू के मंत्रिपरिषद ने स्पेनिश में ट्वीट किया, "हम उन खनिकों के परिवारों के प्रति अपनी एकजुटता व्यक्त करते हैं, जो अरेक्विपा क्षेत्र में यानाक्विहुआ खदान की शाफ्ट में आग लगने की घटना में मारे गए।"
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, पेरू के राष्ट्रपति ने ट्विटर पर एक बयान में कहा कि मंत्रालय शवों को बचाने और स्थानांतरित करने के लिए काम कर रहे हैं। इसके अलावा, पेरू सरकार क्षेत्रीय सरकार और कोंडेसुयोस की नगर पालिका को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करेगी।
पेरू की प्रेसीडेंसी ने ट्वीट किया, "हम 27 खनिकों की मौत के लिए अरेक्विपा के रिश्तेदारों और लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं।" इसने आगे कहा, "मंत्रालय @MininterPeru और @MindefPeru इस त्रासदी की शुरुआत से ही शवों को बचाने और स्थानांतरित करने के लिए काम कर रहे हैं। एक सरकार के रूप में हम दर्द के इन क्षणों में क्षेत्रीय सरकार और कोंडेसुयोस की नगर पालिका को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करेंगे।"
बता दें कि पेरू दुनिया का शीर्ष सोना उत्पादक और दूसरा सबसे बड़ा तांबा उत्पादक है। सीएनएन ने बताया कि पेरू के ऊर्जा और खान मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, यह घटना 2000 के बाद से सबसे घातक खनन दुर्घटना है।