पाकिस्तान में ईशनिंदा मामले में भीड़ ने की तोड़फोड़
- फोटो : Twitter
पाकिस्तान के सिंध प्रांत में हिंदू विरोधी दंगे के अगले दिन सोमवार को पुलिस ने 218 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। दंगाइयों पर एक मंदिर समेत हिंदुओं की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप है।
घोटकी जिले में रविवार को पुलिस ने सिंध पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल नोटन माल पर ईशनिंदा का मुकदमा दर्ज किया था, जिसके बाद बड़े पैमाने पर हिंदुओं के खिलाफ लोग सड़क पर उतर आए। इन लोगों ने न सिर्फ अल्पसंख्यक हिंदुओं की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया बल्कि मंदिर में भी तोड़फोड़ की।
स्कूल प्रिंसिपल के खिलाफ ईशनिंदा की शिकायत एक छात्र के पिता अब्दुल अजीज राजपूत ने दर्ज कराई थी। इसी के बाद जिले में प्रदर्शन और हिंदू विरोधी दंगे शुरू हो गए। दंगाइयों ने प्रिंसिपल को गिरफ्तार करने की भी मांग की।
सुक्कूर के एआईजी जमील अहमद ने बताया कि पुलिस ने 218 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने स्कूल प्रशासन से संपत्ति नष्ट करने के लिए अलग से शिकायत दर्ज कराने को कहा है।