अपने दो एजेंटो के हत्यारे की खोज के लिए अमेरिकी खुफिया एजेंसी एफबीआई की जांच हर स्तर पर जारी है लेकिन अब तक उसे सफलता हाथ नहीं लगी है। एजेंसी हत्यारे को पकड़ने के लिए जांच के हर पहलू पर जा रही है। वहीं इस जांच में हैरान करने वाली बात तब सामने आई जब एजेंसी ने एक अखबार से ऑनलाइन लेख के पाठकों के बारे में जानकारी की मांग कर दी। एजेंसी ने मांग की कि यूएसए टुडे अखबार अपने उन पाठक के रिकॉर्ड जल्द से जल्द सौंपे जिन्होंने एफबीआई के दो एजेंटों की हत्या के बारे में एक लेख पढ़ा था।
हालांकि अखबार का मालिक ने इस मांग का विरोध किया है और अदालत से मांग को रद्द करने के लिए याचिका डाल दी है। इस याचिका में कहा गया है कि एफबीआई की जो मांग है वह अनैतिक है और प्रेस की स्वतंत्रता की सुरक्षा का स्पष्ट उल्लंघन है। वहीं अखबार के मालिक के साथ-साथ पाठक का भी कहना है कि यह अमेरिकी संविधान के पहले संशोधन का उल्लंघन करता है, जो सरकारी हस्तक्षेप से मुक्त प्रेस की रक्षा करता है।
क्या है मामला
बता दें कि एफबीआई ने यूएसए टुडे के मालिक गैनेट को एक आदेश जारी किया, जिसमें फ्लोरिडा में ब्यूरो के दो एजेंटों की हत्या के बारे में फरवरी में प्रकाशित एक लेख पर क्लिक करने वाले किसी भी व्यक्ति के बारे में जानकारी मांगी है। इसके तहत एजेंसी ने 35 मिनट की अवधि के दौरान इस आर्टिकल को पढ़ने वाले पाठकों के आईपी एड्रेस और फोन नंबर मांगे। इन सभी पाठकों को खोजने के लिए आईपी पते का उपयोग किया जा सकता है। एजेंसी ने कहा कि हो सकता है कि दोनों हत्यारे भी इस आर्टिकल को पढ़े हों।