एफबीआई ने अमेरिका में 2012 में भारतीय नागरिक परेश कुमार पटेल के अपहरण और हत्या के लिए जिम्मेदार लोगों की सूचना देने वाले को 15,000 डॉलर का इनाम देने की घोषणा की है।
पटेल का 16 सितंबर, 2012 को वर्जीनिया में चेस्टरफील्ड स्थित रेसवे गैस स्टेशन से अपहरण कर लिया गया था। इसके चार दिन बाद उनका शव वर्जीनिया के रिचमंड शहर में अनकारो बोट लैंडिंग में मिला था। इस अनसुलझे हत्याकांड मामले की जांच संघीय जांच ब्यूरो कर रही है।
एफबीआई के अनुसार, 16 सितंबर को एक गवाह ने चेस्टरफील्ड काउंटी पुलिस विभाग को इस घटना की जानकारी दी थी। उसने बताया था कि पटेल लगभग छह बजे अपने स्टोर पर पहुंचे, अपने वाहन से बाहर निकले थे तभी हुडी पहने दो लोग उनके पास आए और उन्होंने पटेल को एक वैन में डाला और साथ लेकर चले गए। कुछ दिन बाद पटेल का शव बरामद हुआ था।
एफबीआई रिचमंड ने पटेल की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों की गिरफ्तारी और उन्हें दोषी ठहराने वाली जानकारी के लिए 15,000 डॉलर तक का इनाम देने की घोषणा की है।