ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन को एक अस्पताल के दौरे पर उस वक्त शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा, जब एक बीमार बच्ची के पिता ने उन्हें रोककर जमकर खरीखोटी सुनाई। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति ब्रिटिश पीएम से बहस करते हुए दिख रहा है। कैमरे के सामने पीएम का विरोध अब चर्चा का विषय बन गया है।
जॉनसन बुधवार को लंदन के एक अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लेने पहुंचे थे। तभी, ओमर सलेम नाम के एक व्यक्ति ने उन्हें रोक लिया और स्वास्थ्य बजट में कटौती पर प्रधानमंत्री से सवाल करने लगा। सलेम ने कहा कि मेरी सात दिन की बच्ची बीमार है। उसकी हालत ठीक नहीं है। अस्पताल में स्टाफ की कमी है, सरकार कुछ नहीं कर रही है।
शख्स बोला कि आप यहां सिर्फ मीडिया के सामने फोटो खिंचवाने आए हैं। इस पर प्रधानमंत्री जॉनसन ने कहा, ‘यहां कोई मीडिया नहीं है।’ हालांकि, ब्रिटिश पीएम के इस दौरे को कवर करने के लिए बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी मौजूद थे। इस पर बच्ची के पिता ने पीएम जॉनसन से कहा, ‘आप कहना क्या चाहते हैं? यहां कोई मीडिया नहीं है। ये लोग कौन हैं?’ बाद में जॉनसन ने ट्वीट किया, ‘मैं 57 दिनों से प्रधानमंत्री हूं। लोगों से बात करना और समस्या सुनना मेरा काम है।’