मशहूर प्रकाशक सोनी मेहता का 77 साल की आयु में निधन हो गया। प्रकाशक कंपनी एल्फर्ड ए नॉफ के प्रमुख सोनी मेहता पिछले कई दिनों से निमोनिया से पीड़ित थे। उन्होंने सोमवार को मैनहट्टन स्थित अपने घर में अंतिम सांस ली। सोनी मेहता ओडीशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की बहन व मशहूर लेखिका गीता मेहता के पति थे।
पटनायक ने ट्वीट कर कहा, ‘मेरे जीजा की मौत से मुझे गहरा सदमा लगा है। वह दुनिया के सर्वश्रेष्ठ संपादकों में से एक थे और बहुत ही सभ्य व्यक्ति थे। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनके निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि विपत्ति की इस घड़ी में भगवान पटनायक एवं मेहता परिवार को उबरने की शक्ति दे। 72 साल पहले स्थापित एल्फर्ड ए नॉफ के वह तीसरे प्रमुख संपादक थे। मेहता ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और तमाम बड़ी शख्सियतों की किताबें प्रकाशित की हैं।