सऊदी अरब के पत्रकार जमाल खशोगी के बेटे सलाहा खशोगी ने शुक्रवार को अपने पिता के कातिलों को माफ करने का एलान किया। इस मामले में मौत की सजा पाए पांच लोगों को अब सजा में कुछ ढील दी जा सकती है, हालांकि अभी इस पर संशय बरकरार है। खशोगी के परिवार ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की कि उन्होंने कातिलों को माफ कर दिया है। सलाहा ने पिता की हत्या के दोषी पांच सरकारी एजेंटों को कानूनी तौर पर माफी दी है। इन पांचों को फांसी की सजा सुनाई गई है।
सऊदी अरब के जाने-माने पत्रकार और क्राउन प्रिंस के आलोचक जमाल खशोगी जो अक्तूबर 2018 को तुर्की की राजधानी इस्तांबुल स्थित सऊदी अरब के दूतावास गए थे। यहां वह अपनी मंगेतर हैटिस कैंगिज से शादी करने के लिए कुछ कागजी कार्रवाई करने गए थे। इसके बाद उनका कुछ पता नहीं चला। इस मामले में सऊदी ने पहले यह कहा था कि वह दूतावास से जिंदा बाहर निकले थे लेकिन बाद में माना था कि उनकी हत्या कर दी गई थी और 11 लोगों पर इसका आरोप लगाया था।
वाशिंगटन पोस्ट ने खशोगी का अंतिम कॉलम प्रकाशित किया था। इसमें खशोगी ने लिखा, ‘अरब जगत एक प्रकार से अपनी ही बनाई लोहे की दीवार का सामना कर रहा है जो किसी बाहरी ने नहीं बल्कि सत्ता की लालसा रखने वाली आंतरिक ताकतों ने बनाई है। अरब जगत को पुराने अंतरराष्ट्रीय मीडिया के नए संस्करण की आवश्यकता है ताकि नागरिकों को वैश्विक घटनाक्रमों की जानकारी मिल सके। हमें अरब की आवाजों को मंच उपलब्ध कराने की आवश्यकता है।’