अमेरिका में होने वाले चुनाव पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हुई है। कई देशों में देखा जा चुका है कि सोशल मीडिया का चुनावों में अहम योगदान रहा है।
इस बीच फेसबुक ने बुधवार को कहा कि वह भ्रम या दुरुपयोग की संभावना को कम करने के लिए तीन नवंबर को अमेरिकी चुनावों के खत्म होने के बाद राजनीतिक या सामाजिक मुद्दे वाले विज्ञापनों पर प्रतिबंध लगा देगा।
फेसबुक ने ये भी कहा कि समय से पहले विजेता घोषित करने से पहले या वोटों की गिनती से जुड़ी किसी भी खबर को समाचार आउटलेट और चुनाव अधिकारियों से विश्वसनीय जानकारी के आधार पर ही पेश किया जाएगा।
एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान फेसबुक के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि अगर कोई उम्मीदवार या पार्टी प्रमुख किसी मीडिया आउटलेट द्वारा समय से पहले जीत की घोषणा करता है, तो हम नोटिफिकेशन में विशिष्ट जानकारी जोड़ेंगे कि गणना अभी भी जारी है और अभी कोई विजेता निर्धारित नहीं किया गया है।
अमेरिकी चुनावों को ध्यान में रखते हुए इंस्टाग्राम और फेसबुक पर राजनीतिक सामग्रियों और विज्ञापनों को लेकर नियम कड़े किए जा रहे हैं। फेसबुक के ऊपर चुनावों के बीच किसी भी तरह की गलत जानकारी साझा न करने और सामाजिक विभाजन को भड़काने के लिए इसका इस्तेमाल न किए जाने का दबाव है।