F-16 लड़ाकू विमान इस गोदाम की छत पर क्रैश हो गया
- फोटो : PTI
दक्षिणी कैलिफोर्निया के मार्च एयर रिजर्व बेस के पास अपने नियमित अभ्यास के लिए निकला एफ-16 लड़ाकू विमान एक इमारत से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। बेस के प्रवक्ता ने बताया कि पायलट सुरक्षित बाहर निकल गया और उसे कोई चोट नहीं आई है।
लॉस एंजिलिस टाइम्स ने बेस फायर अधिकारी के हवाले से बताया कि विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से थोड़ी आग लग गई और घटनास्थल की तस्वीर स्थानीय टीवी पर दिखाई जाने लगी। जिसमें दिख रहा है कि एक ग्रे रंग की इमारत में एक छेद हो गया।
विमान दोपहर के साढ़े तीन बजे दुर्घटनाग्रस्त हुआ। बेस प्रवक्ता मेजर पैरी कोविंग्टन ने कहा कि विमान बेस रनवे के अंत में एक गोदाम में टकरा गया। उन्होंने कहा, 'पायलट विमान से कूद गया और वह ठीक है। उसे अभी तक कोई चोट नहीं आई है।'
उन्होंने आगे कहा कि मुझे नहीं लगता घटना के समय गोदाम के अंदर कोई मौजूद था। यह रिजर्व कैलिफोर्निया के रिवरसाइड काउंटी में पूर्वी लॉस एंजिलिस से 65 मील दूर है। यहां 452वें एयर मोबिलिटी विंग तैनात है। इस बेस पर लगभग 2,000 से 6,000 एयर फोर्स के रिजर्व सैनिक और अन्य कर्मी रहते हैं।
विमान दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद बेस से होकर गुजरने वाला उत्तर-दक्षिण मार्ग और इंटरस्टेट सेक्शन के 215 को दोनों दिशाओं से बंद कर दिया गया है। कैलिफोर्निया हाईवे पेट्रोल के अनुसार वाहन चालकों से इस क्षेत्र का प्रयोग न करने को कहा गया है।