इराक में मौसम में अचानक हुए बदलाव ने राजधानी बगदाद समेत आसपास के इलाकों की तस्वीर बदल दी है। बगदाद में यह दुर्लभ नजारा करीब 100 साल बाद देखने को मिला है। कह सकते हैं कि जिन लोगों ने बगदाद को बर्फ की चादर में लिपटा देखा उनके लिए यह दुर्लभ है। राजधानी वासियों को मंगलवार सुबह दूर-दूर तक सफेद बर्फ से ढकी जमीन दिखाई दी। खूबसूरत नजारा देख लोगों के चेहरे खिल गए, लोग बर्फ के साथ तस्वीरें लेने लगे। बर्फ की सफेद चादर बगदाद समेत कई शहरों के अलावा शिया समुदाय के पवित्र शहर कर्बला में भी देखी जा सकती है।
सदी में दूसरी बार यह दुर्लभ नजारा देखने को मिला है। यहां पर 48 घंटे में चार इंच से ज्यादा बर्फबारी हुई है। बर्फबारी की वजह से तापमान गिरकर पांच डिग्री पर पहुंच गया। इससे पहले इतनी ज्यादा मात्रा में बर्फबारी 1914 में हुई थी। बर्फ की सफेद चादर राजधानी समेत शिया समुदाय के पवित्र शहर कर्बला और मोसुल में भी दिखाई दी। मौसम विभाग के मुताबिक बर्फबारी उत्तरी इराक में सामान्य है, लेकिन मध्य और दक्षिणी इराक में यह दुर्लभ है।