S Jaishankar meets Foreign Minister of Iran Javad Zarif
- फोटो : ANI
भारत और ईरान रविवार को रणनीतिक रूप से अहम चाबहार बंदरगाह परियोजना के विकास में तेजी लाने पर सहमत हो गए हैं। भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर और उनके ईरानी समकक्ष जावेद जरीफ के बीच हुई बातचीत में इस पर रजामंदी बनी।
भारत, ईरान और अफगानिस्तान द्वारा चाबहार बंदरगाह को संयुक्त रूप से विकसित किया जा रहा है। तेहरान के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे जयशंकर ने जरीफ के साथ भारत-ईरान संयुक्त आयोग की 19वीं बैठक की अध्यक्षता की। बाद में जयशंकर ने खुद ट्वीट कर बैठक की जानकारी दी। उन्होंने कहा, भारत और ईरान क्षेत्र के साझा हितों के लिए काम करेंगे।
जयशंकर से पहले जरीफ ने ट्वीट कर कहा, हमारे बीच अहम द्विपक्षीय संबंधों, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर शानदार बातचीत हुई। हमारे संबंध प्राचीन, ऐतिहासिक और अटूट हैं। यह बैठक उस वक्त हुई है, जब हाल ही में अमेरिका ने ईरान से कटु संबंधों के बावजूद चाबहार बंदरगाह से भारत को आयात निर्यात प्रतिबंध में छूट दिए जाने का आश्वासन दिया है।
मध्य एशियाई देशों से कारोबार की खुलेगी राह
माना जा रहा है कि चाबहार बंदरगाह के विकास से इन तीन देशों को मध्य एशियाई देशों के साथ कारोबार की राह खुल जाएगी। यह बंदरगाह हिंद महासागर में ईरान के बलूचिस्तान और सीस्तान के बीच स्थित है।