बांग्लादेश की राजधानी ढाका में एक मस्जिद में एसी में विस्फोट होने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 24 हो गई। अग्निशमन सेवा के अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि मस्जिद में गैस रिसाव के कारण एक साथ छह एयर कंडीशनरों में विस्फोट हुआ, जिसकी वजह से एक बच्चे सहित कम से कम 24 नमाजियों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए।
नारायणगंज नदी के किनारे शहरी इलाके में स्थित बैतुल सलात मस्जिद में शुक्रवार की रात लगभग नौ बजे नमाज के दौरान ये विस्फोट हुए। डेली स्टार के मुताबिक शनिवार रात तक 21 लोगों की मौत हो चुकी थी। तीन पीड़ितों की उपचार के दौरान रविवार को मौत हो गई। मृतकों में सात साल का एक बच्चा भी है। 13 अन्य पीड़ितों की हालत गंभीर है।
ढाका मेडिकल कॉलेज अस्पताल की बर्न यूनिट की प्रमुख डॉ सामंथा लाल सेन ने बताया कि शुक्रवार को एक नाबालिग लड़के की मौत हो गई जबकि शनिवार को इलाज के दौरान 11 नमाजियों ने दम तोड़ दिया। उन्होंने कहा कि यूनिट में फिलहाल 25 अन्य लोगों का इलाज किया जा रहा है, लेकिन उनकी हालत बहुत गंभीर है क्योंकि उनके शरीर का 90 प्रतिशत से अधिक हिस्सा जल चुका है। उन्होंने कहा कि लगभग सभी आंतरिक रूप से जल गए हैं।
डॉ सेन ने कहा कि प्रधानमंत्री शेख हसीना ने आज सुबह उन्हें फोन किया और घायलों हालचाल पूछा और उनके लिए हर संभव चिकित्सकीय देखभाल सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।