अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जार्ज डब्ल्यू बुश और अराजकतावाद पर लिखे गए लेख विकीपीडिया के अंग्रेजी संस्करण पर प्रकाशित सबसे विवादित लेख हैं।
विकीपीडिया सभी के लिए खुला ज्ञानकोश है जहाँ कोई भी किसी विषय के बारे में लेख प्रकाशित कर सकता है और पहले से प्रकाशित लेखों में जानकारियाँ बदल सकता है। सबसे विवादित विषयों की खोज के लिए शोधकर्ताओं ने विकीपीडिया के दस संस्करणों पर प्रकाशित लेखों का विश्लेषण किया।
ज्यादातर विषय धर्म से जुड़े थे जैसे की ईश्वर और यीशू, जबकि कुछ स्थानीय आधार पर विवादित थे जबकि अन्य पर वैश्विक आधार पर बहस हो रही थी। इस दिशा में आगे के शोध से यह जाना जाएगा कि समय के साथ विवादित विषय कैसे बदलते हैं।
सबसे ज्यादा बार संपादित किए गए लेखों की पहचान के लिए ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय एवं तीन अन्य संस्थानों के शोधकर्ताओं ने विकीपीडिया पर प्रकाशित लेखों में हुए बदलावों के विवरण का अध्ययन किया। कुछ लेखों में तो बदलाव बेहद तेज़ी से होते हैं। विवादित लेखों पर संपादन युद्ध सा चलता है। एक संपादक कोई जानकारी डालकर लेख में बदलाव करता है तो दूसरा उसे तुरंत हटा देता है या बदल देता है।
रिपोर्ट में शोधकर्ताओं ने लिखा, "विवादित विषयों की पहचान के लिए उन लेखों को पहचानना ज्यादा बेहतर था जिनमें किए गए बदलावों को हटा दिया जाता है बजाए उनके जो बार-बार बदल दिए जाते हैं।"
जो लेख बार-बार बदलते हैं वह ऐसे विषय के बारे में भी हो सकते हैं जिसमें नई जानकारियाँ जुड़ रही हों। लेकिन वे लेख जिनमें जानकारियाँ बार-बार डाली और मिटाई जाती हैं यह लेखकों की भावनाओं के बारे में भी बताते हैं।
ऐसे विषयों की पहचान के लिए शोधकर्ताओं ने लाखों लेखों का विश्लेषण किया। कई लेखों में संपादक एक दूसरे की बात काटने पर बुरी तरह उतारू थे। कई में तो जानकारियाँ बार-बार डाली और मिटाई जा रही थी। कोई जानकारी जोड़ रहा था तो कई उसे हटाकर तुरंत कुछ और जोड़ दे रहा था। विश्लेषण के लिए विकीपीडिया पर प्रकाशित 2010 का डाटा लिया गया था।
विकीपीडिया के दस संस्करणों के विश्लेषण के बाद शोधकर्ताओं ने इन विषयों को सबसे विवादित पाया-
इसराइल, एडॉल्फ हिटलर, द होलोकॉस्ट, गॉड। इसके साथ-साथ यीशू, पैगंबर मुहम्मद और इसाइयत जैसे धर्म से जुड़े अन्य विषयों पर भी संपादक आपस में लड़ रहे थे और अलग-अलग जानकारियां जोड़ और घटा रहे थे।
विश्लेषण से कई स्थानीय विवाद भी सामने आए। फ्रेंच भाषा में फ्रांसिसी राजनेता सेगोलेन रोयाल के बारे में संपादक आपस में सबसे ज्यादा लड़ रहे थे।
इसके विपरीत रोमानिया में क्रायोवा यूनिवर्सिटी फुटबॉल टीम के बारे में प्रकाशित लेख पर को सबसे ज्यादा बार संपादित किया जा रहा था।