पाकिस्तानी मूल के अभिनेता द्वारा सोशल मीडिया पर भारत विरोधी बयान देने के मामले की जांच अब ब्रिटिश पुलिस करेगी। पुलिस इस मामले की घृणा अपराध होने की संभावना के रूप में जांच करेगी। हालांकि, मशहूर टीवी शो कोरोनेशन स्ट्रीट के अभिनेता ने अपनी अमर्यादित भाषा के लिए माफी मांग ली है।
मार्क अनवर को रविवार को मशहूर ब्रिटिश टेलीविजन शो में से ट्वीट द्वारा भारतीयों पर नस्लभेदी टिप्पणी करने के कारण बाहर कर दिया गया था। अब इस मामले की जांच ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस करेगी। ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, रविवार, 25 सितंबर को पुुलिस के पास इस मामले की एक शिकायत आई।
पुलिस ने इस पर जांच शुरू कर दी है और पूछताछ जारी है। मशहूर टेलीविजन शो कोरोनेशन स्ट्रीट में शरीफ नजीर नाम का मुख्य किरदार निभाने वाले 45 वर्षीय अभिनेता ने सोमवार को अपने ट्वीट के लिए माफी भी मांग ली।
अभिनेता ने एक वीडियो जारी कर कहा कि मैं भारत सहित उन सभी लोगों से माफी मांगना चाहता हूं जिन्हें मैंने अपने ट्वीट के द्वारा दुख पहुंचाया है। मेरा ऐसा कोई इरादा नहीं था और मेरी भाषा अस्वीकार्य थी। मैंने अपने परिवार, दोस्तों और पूर्व सहकर्मियों सभी को निराश किया है।