संदिग्द हमलावर भाई खालिद और ब्राहिम अल बकारू
- फोटो : BBC
ब्रसेल्स में हुए आत्मघाती हमलों में दो भाई भी शामिल थे। उनकी पहचान खालिद और ब्राहिम अल बकारू के रूप में हुई है। संघीय अभियोजक के मुताबिक ब्राहिम ने एयरपोर्ट को निशाना बनाया जबकि खालिद ने माएलबीक मेट्रो स्टेशन को। एयरपोर्ट पर हुए धमाके में 11 लोग मारे गए थे। मेट्रो स्टेशन पर हुए धमाके में 20 लोगों की मौत हुई।
एयरपोर्ट पर हमले में शामिल दो अन्य हमलावरों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। इनमें से एक की हमले के दौरान मौत हो गई जबकि दूसरा लापता है। अभियोजकों के मुताबिक ब्राहिम ने एक नोट छोड़ा है जिसमें उन्होंने अपनी बेचैनी के बारे में लिखा है।
मंगलवार को हुए इन हमलों के बाद बेल्जियम में तीन दिन का राष्ट्रीय शोक है। बुधवार को बेल्जियम में सुबह 11 बजे एक मिनट का मौन भी रखा गया। बेल्जियम के राजा और रानी ने एयरपोर्ट का दौरा किया और हमलों में घायल करीब तीन सौ लोगों में से कुछ से मुलाकात की है।