अमेरिकी राष्ट्रपति की ताजा यूरोप यात्रा शुरू से ही विवादों में रही। सबसे पहले जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल के साथ हुई बातचीत और उसके बाद ब्रिटेन पहुंचकर ब्रेक्जिट पर वहां की पीएम टेरीजा मे के खिलाफ बयान से वह विवादों में रहे। ताजा मामले में लंदन से रवाना होने के पहले ट्रंप ने क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय के साथ भी दो बार प्रोटोकॉल तोड़कर विवाद पैदा किया।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, विंडसर कैसल में डोनाल्ड ट्रंप ने क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय को काफी इंतजार करवाया। यही नहीं बल्कि उन्होंने रेड कार्पेट पर भी प्रोटोकॉल तोड़ा, और महारानी से आगे चलने लगे। दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति और महारानी एलिजाबेथ को रेड कार्पेट पर चलते हुए विंडसर कैसल तक आना था। प्रोटोकॉल के मुताबिक, महारानी को आगे चलना था और ट्रंप को उन्हें फॉलो करना था। लेकिन, सोशल मीडिया पर जो वीडियो शेयर किया जा रहा है, उसमें 72 साल के ट्रंप 92 साल की महारानी को पीछे छोड़ते हुए आगे निकल गए।
अमेरिकी राष्ट्रपति की इस हरकत को ब्रिटेन में महारानी के अपमान के तौर पर देखा जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में ट्रंप की इस हरकत को यूजरों ने इसे प्रोटोकॉल ब्रेक कहा।
दूसरे मामले में वैनिटी फेयर की एक रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप ने महारानी को तपती धूप में इंतजार कराया। अमेरिकी राष्ट्रपति पांच बजे के बाद यहां चाय के लिए पहुंचे। इस घटना को भी प्रोटोकॉल ब्रेक के रूप में देखा जा रहा है। मुलाकात के बाद ट्रंप ने कहा कि महारानी एक अद्भुत महिला हैं। उन्होंने ट्वीट किया कि मेलानिया ने उनकी खूबसूरती की बहुत तारीफ की है।