स्विट्जरलैंड की खूबसूरती से कौन वाकिफ नहीं? ठंडे मौसम और बर्फबारी के शौकीन लोगों का तो सपना होता है कि उन्हें यहां कुछ पल बिताने का मौका मिल जाए। बॉलीवुड ने यहां की खूबसूरती को खूब इस्तेमाल किया है। स्विट्जरलैंड, बॉलीवुड के मशहूर फिल्म डायरेक्टर यश चोपड़ा की पहली पसंद था।
पढ़ें: स्विट्जरलैंड में बलूचिस्तान की आजादी के लगे पोस्टर, भड़का पाकिस्तान
उनकी कोशिश होती थी कि अपनी फिल्म का कम से कम एक गाना तो वो यहां जरूर शूट करें। शायद उनकी फिल्मों से ही आम भारतीयों ने स्विट्जरलैंड को ज्यादा करीब से जाना।स्विट्जरलैंड में भी एक ऐसी जगह है जिसके बारे में शायद आप नहीं जानते। उसका नाम है. सेंट मॉरिट्स। ये अल्पाइन पर्वतों पर स्थित स्विट्ज़रलैंड का रिजॉर्ट टाउन है।
यहां साल भर बर्फ की मोटी चादर बिछी रहती है। लोग यहां ना सिर्फ स्कीईंग के लिए आते हैं, बल्कि इसकी पहचान विंटर टूरिज्म रिजॉर्ट के तौर पर भी है।
क्यों मशहूर हुआ सेंट मॉरिट्स?
सेंट मॉरिट्स इतना मशहूर कैसे हुआ, इसके पीछे एक बड़ी दिलचस्प कहानी है। किस्सा 1864 का है। एक दिन एन्गाडिनर कुल्म होटल के मालिक योहानिस बैड्रट, लंदन से स्विटज़रलैंड घूमने आए अमीर कारोबारियों के साथ बैठे थे। बातों का दौर चल रहा था। इन्हीं में से कुछ ने कहा कि लंदन की जानलेवा सर्दी लौटने वाली है।
इस पर होटल के मालिक योहानिस ने कहा कि जनाब आप यहां पहाड़ों में आकर सर्दियां गुज़ारें। सेंट मॉरिट्स में बर्फबारी का मजा लीजिए। यहां सर्दी का मौसम बहुत शानदार होता है। भरी सर्दी में भी आप यहां बिना जैकेट के रह सकते हैं। लंदन से आए कारोबारियों का समूह ये बात मानने को राजी नहीं था।
पढ़ें: फिलीपींस में मालवाहक जहाज डूबने से 11 भारतीय लापता, रेस्क्यू जारी
बस इसी बात पर शर्त लग गई कि अगर होटल के मालिक का दावा गलत साबित हुआ तो उसे पूरी सर्दी यहां रहने और सफर का सारा खर्च उठाना होगा। व्यापारियों और सैलानियों का ये ग्रुप उसी साल दिसंबर के महीने में यहां फिर से आया। शर्त के मुताबिक इन सभी को हफ्ते भर के सफर पर निकलना था। सभी सिर से लेकर पैर तक फर के कपड़ों में लिपटे थे। तय पाया गया था कि पहाड़ों पर 2,284 मीटर की दूरी तय करके ये सभी जूलियर पास पहुंचेंगे।