बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स में आतंकवादी घटनाओं की आशंका के चलते नए साल के मौके पर होने वाली आतिशबाज़ी और समारोह रद्द कर दिए गए हैं।
बुधवार को देश के प्रधानमंत्री चार्ल्स मिशेल ने कहा कि समारोह को रद्द करने का फैसला 'मिलने वाली जानकारी' के आधार पर किया गया। इसी हफ्ते, मंगलवार को बेल्जियम की पुलिस ने नव वर्ष समारोह के मौके पर हमले की कथित साजिश रचने वाले दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
नवंबर में फ्रांस की राजधानी पेरिस में चरमपंथियों के हमलों के बाद से बेल्जियम में सुरक्षा हाई अलर्ट है। ब्रसेल्स के मेयर ने बेल्जियम के सरकारी चैनल आर टी बी एफ को बताया कि गृहमंत्री के साथ मिलकर उन्होंने गुरुवार की शाम जश्न ना मनाने का फैसला लिया।