लंदन के ऑक्सफोर्डशायर और बर्कशायर के नौ लोगों पर आरोप है कि उन्होंने छह लड़कियों का लंबे समय तक यौन शोषण किया।
इन लड़कियों की उम्र 11 से 15 साल के बीच है। फिलहाल सभी अभियुक्त हिरासत में और उन पर मुकदमा चल रहा है।
पीड़ित लड़कियों में से एक ने अदालत को बताया कि अभियुक्तों में से एक ने उसके साथ बर्बरतापूर्वक दुराचार किया।
लड़की का कहना है कि जब वो सिर्फ बारह साल की थी तो मोहम्मद करार नाम के व्यक्ति ने उसके साथ सेक्स खिलौनों और उत्तेजना पैदा करने वाली क्रीम के ज़रिए यौनाचार किया।
अपने साथ हुए दुर्व्यवहार का सुबूत देते हुए वो रो पड़ी और कहने लगी कि ऑक्सफोर्ड स्थित जिस फ्लैट में उसे रखा गया था वहां पांच या छह लोग आए और सभी ने रसोईघर की मेज पर उसके साथ बलात्कार किया।
बलात्कार के कई आरोप
करार उन छह अभियुक्तों में से एक है, जिन पर साल 2004 से 2012 के बीच बलात्कार और मानव तस्करी के कुल 51 मुकदमे चल रहे हैं। हालांकि ये लोग इन आरोपों से इंकार कर रहे हैं।
हाल ही में जिस प्रत्यक्षदर्शी ने इस घटनाक्रम के बारे में जानकारी दी वो इसे बताते हुए रो पड़ती है।
इस लड़की का कहना है कि जिन लोगों ने उसके साथ बलात्कार किया उन सब ने शराब पी रखी थी और बलात्कार करने से पहले उन्होंने नशीली दवा भी खाई थी।
लड़की ने बताया, “सभी लोगों ने मुझे चारों ओर से घेर लिया। मैंने उनसे रुकने को कहा लेकिन उन लोगों ने उसकी चीख को अनसुना कर दिया।”
लड़की का कहना था कि करार और उसके भाई बासम उसे सेक्स पार्टियों में ले जाते थे जहां पुरुष लोग उसके चारों ओर झुंड में खड़े रहते थे।
उसका कहना था कि करीब दस लोग एक पार्टी में मिले और उसके हाथ बांधकर, घोड़े की तरह मुंह पर चाबुक लगाकर उसके शरीर पर गर्म मोम गिरा दिया गया।
उसने बताया, “मैं चिल्ला रही थी कि मुझे छोड़ दो, माफ कर दो, लेकिन किसी ने नहीं सुना। एक समय मुझे लगता था कि मोहम्मद करार मुझसे प्यार करता है, लेकिन मैं गलत थी।”
सभी नौ अभियुक्तों पर मुकदमा चल रहा है और मई के अंत तक इस मामले की सुनवाई होगी।