इंग्लैंड में एक नवजात बच्चा खबरों में छाया हुआ है, जिसका जन्म के वक्त वज़न सात किलोग्राम था।
छह हफ्ते पहले जन्मे इस बच्चे का नाम जॉर्ज किंग रखा गया है। इसकी मां का नाम जेड और पिता का नाम रायन है।
जब जॉर्ज का जन्म हुआ तो उसका वज़न था 15 पाउंड और 7 आउंस, यानी सात किलो से कुछ ज्यादा। पैदाइश के वक्त तीन से चार किलो वज़न वाले बच्चों को सामान्य माना जाता है।
जॉर्ज की मां जेड के अनुसार उनके परिवार में कभी कोई भी इतना वज़नी पैदा नहीं हुआ है। वो कहती हैं, "हमारे लिए ये एक छोटा सा करिश्मा है, सच पूछिए तो बड़ा करिश्मा है।"
डॉक्टर भी हुए हैरान
जॉर्ज का जन्म सामान्य तरीके से हुआ लेकिन उनके बाहर निकलने में काफी वक्त लगा, ज़ाहिर है मां को परेशानी भी हुई।
दरअसल डॉक्टरों समेत किसी को पहले अंदाज़ा नहीं था कि बच्चा इतना भारी होगा। इसलिए अस्पताल को भी डिलिवरी करवाने में दिक्कत आई।
जेड कहती हैं, "डिलिवरी के समय मेरे आस-पास 20 से भी ज़्यादा डॉक्टर इकट्ठे हो गए थे। यह देखकर मैं तो घबरा ही गई थीं, लेकिन शुक्र है सब ठीक हो गया।"
जन्म के वक्त जॉर्ज बिना ऑक्सीजन के पांच मिनट तक रहा और डॉक्टरों ने कहा कि उसके बचे रहने की उम्मीद सिर्फ 10 प्रतिशत है।
बाद में उसे ब्रिस्टल के सैंट माइकल अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां चार हफ्ते रहने के बाद वो अपने घर आ पाया है।
कपड़े छोटे पड़े
जॉर्ज के मां-बाप कहते हैं कि अब उनका बच्चा स्वस्थ नज़र आ रहा है।
जेड कहती हैं, "उसका एमआईआई स्कैन हुआ है औऱ सब कुछ सामान्य नज़र आ रहा है। शायद सब ठीक है, शायद बस वो चीज़ों को समझने बूझने में थोड़ा धीमा होगा और उसे कोई ज़्यादा परेशानी नहीं आएगी।"
इंग्लैंड में जितने भी बच्चों का सामान्य तरीके से जन्म हुआ है उनमें से जॉर्ज दूसरा सबसे ज्यादा वज़नी है। जॉर्ज की मां ने उसके लिए जो कपड़े बनाए थे, वो छोटे पड़ रहे हैं और उसे दोगुने साइज़ के कपड़े फिट आ रहे हैं।
जेड कहती हैं कि नए कपड़े दिलवाने में उन्हें कोई दिक्कत नहीं, बस बच्चे को सेहत की समस्याएं न आए।