हिंदू समुदाय की एक प्रमुख नेता उमा मैसूरकर और सिख समुदाय के दो नेता विभिन्न धर्मों के नेताओं के उस चुने हुए समूह में शामिल होंगे, जो कि इस हफ्ते पोप फ्रांसिस की यात्रा के दौरान उनकी अगुवाई में यहां 9/11 स्मारक में की जाने वाली प्रार्थना में शिरकत करेगा।
उमा मैसूरकर महिला रोग विशेषज्ञ और उत्तर अमेरिका की हिंदू मंदिर समिति की अध्यक्ष हैं। बफैलो विश्वविद्यालय के सिख प्रोफेसर सतपाल सिंह और उनकी बेटी गुनीशा कौर उन दर्जन भर धार्मिक नेताओं में शामिल हैं, जो कि 9/11 स्मृति संग्रहालय में होने वाली इस बहुधर्मी शांति बैठक में शिरकत करेंगे।
शुक्रवार को होने वाली इस बैठक की अध्यक्षता पोप फ्रांसिस करेंगे। पोप के साथ इस प्रार्थना में बौद्ध, प्रोटेस्टेंट, ग्रीक ऑर्थोडॉक्स, यहूदी और मुस्लिम धर्म के प्रतिनिधि होंगे। पोप यहां आए लोगों को संबोधित करेंगे ।
साथ ही विभिन्न धार्मिक परंपराओं के मुताबिक प्रार्थनाएं होंगी और ‘ध्यान’भी लगाया जाएगा। इस प्रार्थना में शिरकत करने वाले अन्य अंतरधर्मी नेताओं में इस्लामिक केंद्र के कार्यकारी निदेशक इमाद खालिद लतीफ और श्रीलंका के बौद्ध भिक्षु भंते हिनाबुदी कोंदा भी शामिल हैं।