ब्रिटेन में दक्षिण पूर्वी लंदन के वूलविच में एक व्यक्ति पर हुए ‘हमले’ की घटना की खबरों के बीच पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
उन्होंने बताया कि जॉन विल्सन स्ट्रीट पर स्थानीय समय के अनुसार दोपहर दो बजकर 20 मिनट पर यह घटना हुई।
बीबीसी संवाददाता मैट प्रॉजर ने बताया कि ट्विटर पर चल रहे संवाद से यह मालूम देता है कि जॉन विल्सन स्ट्रीट पर दो लोगों ने एक व्यक्ति पर हमला किया और जिसके बाद पुलिस ने भी गोलियां चलाई।
लंदन एम्बूलेंस सर्विस ने कहा है कि घटना स्थल पर एक हवाई एंबूलेंस और चार लोग मौजूद थे। हालांकि एक प्रवक्ता घटना में हताहत हुए लोगों की पुष्टि नहीं कर सके।
ट्विटर पर आ रही तस्वीरों में दिखाया गया है कि तीन लोग जमीन पर लेटे हुए हैं और उनके इर्द गिर्द पुलिस और पारामैडिकल स्टाफ मौजूद थे। पुलिस ने बताया कि जॉन विल्सन स्ट्रीट बंद कर दी गई है।
मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने अपने ट्विटर एकाउंट में कहा है कि हेलिकॉप्टर टीम ने इस वारदात को “गंभीर” बताया है।
स्कॉटलैंड यार्ड के एक प्रवक्ता ने कहा, “हमारे अधिकारियों ने घटना को लेकर पुलिस कार्रवाई शुरू कर दी है। इस समय ऐसा लगता है कि हमले की घटना के बाद पुलिस मौके पर बुलाई गई थी।”
एक स्थानीय शिक्षक डेविड निक्सन ने बीबीसी न्यूज चैनल को बताया कि घटना के समय वह स्कूल की गेट से बाहर ही निकले ही थे तो उन्होंने देखा कि कुछ ही दूरी पर एक शव पड़ा हुआ था। तभी उन्होंने गोलियों की आवाजें भी सुनीं।