ब्रिटेन में वायरस जनित सांस संबंधी एक नई बीमारी पाई गई है। यहां की स्वास्थ्य सुरक्षा एजेंसी (एचपीए) ने सांस संबंधी गंभीर बीमारी के एक केस में रोग की पहचान करने की पुष्टि की है। इसका संबंध एक नए प्रकार के कोरोनावायरस से है, जो हाल ही में मध्य पूर्व से आए एक मरीज में पाया गया है। एजेंसी ने कहा कि इस नए मानव कोरोनावायरस को हाल ही के महीनों में सऊदी अरब के एक मरीज में भी पाया गया था, जो सांस संबंधी बीमारी से पीड़ित था। बाद में उसकी मौत हो गई थी।
कोरोनावायरस आम तौर पर सर्दी के कारण होते हैं, लेकिन यह कई और गंभीर बीमारियों जैसे सार्स (सीवीर एक्यूट रेस्पिरेटरी सिंड्रोम) के लिए जिम्मेदार हैं। हालांकि यह नया वायरस मानव में पहले पाए गए अन्य वायरसों से बिल्कुल अलग है। एचपीए ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि शुरुआती जांच में इन दो केसों के संपर्क में आने से स्वास्थ्य कर्मी समेत किसी में भी बीमारी फैलने के कोई सबूत नहीं मिले हैं। वहीं एचपीए में सांस संबंधी बीमारियों के विशेषज्ञ प्रोफेसर जॉन वॉटसन ने कहा कि मरीज का उचित इलाज सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों को सलाह दी जा रही है।