पश्चिमी लंदन के ग्रेनफेल टावर को भीषण आग ने अपनी चपेट में कुछ ऐसा लिया कि वो पूरी खाक हो गई। इस हादसे में करीब 12 लोग मारे गए और 74 से ज्यादा बुरी तरह घायल हो गए। हालांकि अभी तक आग लगने की वजह से साफ नहीं हो पाई है, लेकिन इस हादसे ने करीब 600 लोगों को हिलाकर रख दिया।
दरअसल, इस टावर में 120 फ्लैट्स हैं, जिसमें करीब 600 लोग रहते हैं। आग टावर में इतनी जोरों से फैली कि लोगों को निकलने का टाइम भी नहीं मिला। हालात ये थे कि लोगों को बेडशीट की रस्सी बनाकर कूदना पड़ रहा था। इस भयानक हादसे में लोगों के रौंगटे उस वक्त खड़ें हुए जब एक मां ने 10वीं मंजिल से अपनी बच्ची को नीचे फेंकने का फैसला लिया।
उसने वक्त बर्बाद न करते हुए नीचे खड़े एक शख्स को इशारा किया और बच्ची को नीचे फेंक दिया। चौंका देने वाली बात है कि उस शख्स ने बच्ची को कैच कर लिया। इसके बाद मां मदद की गुहार लगाने लगी। इस दौरान कुछ लोग ऐसे भी फंसे हुए थे जो मदद के लिए चीखते रहे, लेकिन उनकी मदद नहीं हो पाई।
करीब 40 दमकल की गाड़िया और 200 कर्मी मौके पर लोगों को बचाने के लिए मौजूद थे। कर्मियों ने लोगों को बचाने की हर कोशिश की, लेकिन लंदन के मेयर सादिक खान ने बताया कि आग इतनी भयानक तरीके से लगी थी कि कई लोगों का पता भी नहीं चल रहा है।