डाटा स्टोर करने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला डाटा कार्ड या मैमोरी कार्ड दस करोड़ साल तक सही सलामत रहेगा। सुनने में थोड़ा अटपटा लगे लेकिन इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद बनाने वाली जापानी कंपनी हिताची ने इस डाटा कार्ड को बनाने का दावा किया है। कंपनी के मुताबिक ये डाटा कार्ड चरम तापमान, आग और सुनामी में भी खराब नहीं होगा। कंपनी के मुताबिक इस कार्ड पर रसायनों और रेडियो तरंगों का भी कोई असर नहीं होगा। तापमान की बात करें तो ये एक हजार डिग्री सेिल्सयस तक का तापमान दो घंटे तक झेलने में सक्षम है।
कंपनी के मुताबिक इस डाटा कार्ड को बनाने में बेहद पतली और मजबूत क्वार्टज सीट का इस्तेमाल किया गया है। इसके साथ ही इसमें डाटा स्टोर करने के लिए बाइनरी सिस्टम का इस्तेमाल किया गया है। कंपनी का कहना है कि क्वार्टज सीट के टूटने पर ही इसमें स्टोर डाटा को नुकसान पहुंचेगा। हालांकि कंपनी ने इस कार्ड को बाजार में उतारने की फिलहाल कोई योजना नहीं बनाई है लेकिन इसके विकास में लगे वैज्ञानिकों का कहना है कि पहले इस कॉर्ड को सरकारी एजेंसियों के लिए तैयार किया जाएगा।