दक्षिणी फ्रांस के ग्रैसे शहर स्थित टॉक्युविले हाई स्कूल में गोलीबारी से 8 लोगों के घायल होने की खबर है। खबर के अनुसार, एक हमलावर स्कूल में घुस गया और अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दी जिसमें कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने एक हमलावर को पकड़ लिया है और दूसरे की तालाश जारी है।
रॉयटर्स के मुताबिक, अंधाधुंध गोलीबारी करने वाले एक 17 वर्षीय संदिग्ध को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से एक बंदूक, हैंडग्रेनेड और हैंडगन बरामद की गई है। ग्रैस टाउन हाउस के प्रवक्ता के अनुसार, गोलीबारी दो छात्रों के बीच आपसी रंजिश के कारण हुई। वहीं आतंकवाद निरोधी दल मौके पर तैनात है। स्कूल के आसपास रहने वाले लोगों को घर में बंद रहने के लिए कहा गया है।
लगातार दो खबरों के बाद फ्रांस सरकार ने देशभर में अलर्ट की घोषणा कर दी है।
इससे पहले फ्रांस की राजधानी पेरिस स्थित अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के दफ्तर में गुरुवार को लेटर बम विस्फोट होने की खबर आई। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, इस हमले में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, विस्फोट में जो शख्स घायल हुआ है, उसी ने लेटर को खोला था। आईएमएफ का पेरिस स्थित ऑफिस एवेन्यू डी-लिना में स्थित है।
गौरतलब है कि एक दिन पहले बुधवार को जर्मन फाइनेंस मिनिस्ट्री के ऑफिस में भी पार्सल बम भेजा गया था, जिसे वहां कि सुरक्षा एजेंसियों ने समय रहते इंटरसेप्ट कर लिया था। जानकारी के मुताबिक, एक ग्रीक कट्टरपंथी लेफ्ट ग्रुप ने जर्मन फाइनेंस मिनिस्ट्री में भेजे गए पार्सल बम की जिम्मेदारी ली।
Small explosion at the IMF in Paris leaves one person injured after they opened an envelope - police https://t.co/5mu0fEcqGM
— BBC Breaking News (@BBCBreaking) March 16, 2017