फ्रेंच कोर्ट ने सोमवार को आईएमएफ की प्रमुख क्रिस्टीन लेगार्ड को उनके फ्रांस के वित्त मंत्री रहने के दौरान एक उद्योगपति को बड़ी राशि के भुगतान के जरिये लाभ पहुंचाने के मामले में दोषी पाया है। हालांकि उन्हें किसी प्रकार का जुर्माना या फिर कैद की सजा नही सुनाई गई है। फैसला आने के बाद अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स जल्द ही इस फैसले को लेकर बैठक करेंगे।
लेगार्ड ने 2007 में वित्त मंत्री रहने के दौरान कारोबारी बर्नार्ड तैपी के साथ विवाद को कोर्ट की मध्यस्थता के बजाय निजी पैनल के माध्यम से मध्यस्थता के जरिये सुलझाने की अनुमति दी थी। इस मामले में वह बर्नार्ड द्वारा एडिडास स्पोर्ट्स को सरकारी स्वामित्व वाली क्रेडिट लियोनेस बैंक को बिक्री में भारी राशि (42.2 करोड़ डॉलर) का भुगतान नहीं रोक पाई थीं।
लेगार्ड साल 2007 से 2011 के बीच फ्रांस की वित्त मंत्री थी। फैसले की सुनवाई के दौरान वाशिंगटन में होने की वजह से वह कोर्ट रूम में मौजूद नही रहीं। आईएमएफ का मुख्यालय भी वाशिंगटन में मौजूद है। आईएमएफ के प्रवक्ता ने बताया कि 60 वर्षीय क्रिस्टीन के मामले में आये इस फैसले के बाद आईएमएफ बोर्ड जल्द ही बैठक करेगा। फैसले के बाद क्रिस्टीन कि छवि को काफी नुकसान पहुंचा है।