यूरो जोन अब भी ग्रीस के तर्कसंगत कर्ज प्रस्ताव पर विचार करने को तैयार है। मंगलवार को आपात बैठक में यूरोप के नेताओं ने ग्रीस के प्रधानमंत्री एलेक्सिस सिप्रास से नया बेलआउट प्रस्ताव पेश करने को कहा है। यूरोप के नेताओं के अनुसार, ग्रीस के पास दूसरा विकल्प यूरो छोड़ने का जोखिम उठाने का है।
ब्रसेल्स में होने वाली बैठक में सिप्रास यूरो जोन के 18 समकक्ष नेताओं से मुखातिब होंगे। उल्लेखनीय है कि ग्रीस की अर्थव्यवस्था को अभी राहत की दरकार है।
फंड की कमी के कारण वहां के बैंक गुरुवार तक के लिए बंद हैं और आशंका इस बात की भी है कि वहां की बैंकिंग प्रणाली कहीं ठप न पड़ जाए।
जर्मन चांसलर एंजेला मार्केल और फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद ने आपात बैठक से पहले सिप्रास से उचित प्रस्ताव तैयार करने की सलाह दी है। जिससे बातचीत फिर से शुरू हो सके और खोया भरोसा बनाने में मदद मिले।