भारत ने गुरुवार को भगोड़े उद्योगपति विजय माल्या के जल्द प्रत्यर्पण के लिए ब्रिटेन से मदद मांगी। माल्या नौ हजार करोड़ की मनी लॉन्ड्रिंग और धोखाधड़ी मामले में भारत में वांछित हैं और उनके प्रत्यर्पण का मुकदमा वेस्टमीनिस्टर की अदालत में चल रहा है। भारत के केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरण रिजिजू और ब्रिटेन के सुरक्षा एवं आर्थिक अपराध मंत्री बेन वालेस के बीच बैठक में इस मुकदमे पर बात हुई।
अधिकारियों के मुताबिक इस बैठक के दौरान रिजिजू ने ब्रिटेन से माल्या के जल्द प्रत्यर्पण के लिए कहा। बैठक के बाद रिजिजू ने ट्वीट किया, ब्रिटेन के मंत्री बेन वालेस के साथ बैठक सफल रही। हमने साइबर सुरक्षा, कट्टरपंथ, भारत-ब्रिटेन में वांछित अपराधियों के प्रत्यर्पण में ज्यादा से ज्यादा सहयोग और सूचना साझा करने पर बात की।
अधिकारियों के मुताबिक रिजिजू ने माल्या, आईपीएल उद्योगपति ललित मोदी और क्रिकेट बुकी संजीव कपूर समेत 13 लोगों के प्रत्यर्पण के लिए ब्रिटेन से कहा है। भारत ने 16 अन्य आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई में भी मदद मांगी है। रिजिजू ने अपने ब्रिटिश समकक्ष से कहा कि ब्रिटेन कश्मीरी और खालिस्तान अलगाववादियों की भारत विरोधी गतिविधियों के लिए अपनी जमीन का इस्तेमाल न होने दे।